चंडीगढ़ में प्राकृतिक गैस पर 5 प्रतिशत वैट लागू, उपभोक्ताओं पर हर महीने 40 से 100 रुपये का बोझ
चंडीगढ़ में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पर पांच प्रतिशत वैट लागू कर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं पर हर महीने 40 से 100 रुपये तक का आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

चंडीगढ़ में पीएनजी की कीमत करीब 54.70 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
27 हजार कनेक्शन प्रभावित।
सर्दियों में बोझ बढ़ने की आशंका।
देखना होगा बिल में किस तरह लागू किया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पर पांच प्रतिशत वैट लागू कर दिया है। इससे उपभोक्ताओं पर हर महीने 40 से 100 रुपये तक का आर्थिक बोझ बढ़ सकता है।
वास्तविक अतिरिक्त राशि इस बात पर निर्भर करेगी कि पांच प्रतिशत वैट मौजूदा बिल में किस तरह लागू किया जा रहा है। चंडीगढ़ में पीएनजी की कीमत करीब 54.70 रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) है।
सामान्य परिवार की खपत करीब 15 एससीएम प्रतिमाह मानें तो गैस की मूल कीमत करीब 821 रुपये बैठती है। इस पर पांच प्रतिशत वैट करीब 41 रुपये होगा। ऐसे में इस श्रेणी के परिवार का मासिक खर्च लगभग 41 रुपये बढ़ सकता है।
इसी तरह 20 एससीएम गैस इस्तेमाल करने वाले परिवार पर करीब 55 रुपये, 25 एससीएम पर करीब 68 रुपये और 30 एससीएम की खपत वाले परिवार पर करीब 82 रुपये महीने का अतिरिक्त भार पड़ेगा। जिन परिवारों की खपत 40 एससीएम तक पहुंचती है, उनके लिए यह अतिरिक्त खर्च करीब 109 रुपये महीना हो सकता है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार चंडीगढ़ में करीब 27 हजार घरेलू पीएनजी कनेक्शन हैं। ऐसे में यदि पांच प्रतिशत वैट को अतिरिक्त कर के तौर पर उपभोक्ताओं से वसूला जाता है तो हजारों परिवारों के मासिक घरेलू बजट पर इसका असर पड़ेगा। खासकर सर्दियों में गैस की खपत बढ़ने पर यह बोझ और बढ़ सकता है।
