चंडीगढ़ में 200 किलो पनीर जब्त, गाड़ी में जा रही थी खेप; सुबह 5 बजे ही पड़ गई रेड
चंडीगढ़ के रामदरबार स्थित मंडी ग्राउंड में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सुबह 5 बजे एक बोलेरो पिकअप गाड़ी से लगभग ...और पढ़ें

खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर जब्त कर सैंपल लिए।
HighLights
खाद्य सुरक्षा विभाग ने चंडीगढ़ में 200 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया।
जब्त पनीर का नमूना गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।
होटल-ढाबों को केवल अधिकृत सप्लायर से पनीर खरीदने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। खाद्य सुरक्षा विभाग ने रामदरबार स्थित मंडी ग्राउंड में पनीर की बड़ी खेप पकड़ी। सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने सुबह करीब पांच बजे पनीर लेकर जा रही बोलेरो पिकअप गाड़ी को रोककर जांच की।
गाड़ में करीब 200 किलो पनीर मिला। टीम ने पूरी खेप जब्त कर उसे कोल्ड स्टोरेज में रखवा दिया है। पनीर का नमूना जांच के लिए एनएबीएल मान्यता प्राप्त खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
होटल-ढाबों को अधिकृत सप्लायर से ही पनीर खरीदने के निर्देश
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, फास्ट फूड सेंटर और अन्य खाद्य कारोबारियों को पनीर, दूध और अन्य कच्चा खाद्य सामान केवल अधिकृत व भरोसेमंद सप्लायर से खरीदने के निर्देश दिए हैं।
कारोबारियों को खरीद के बिल और रसीदें सुरक्षित रखने को भी कहा गया है। साथ ही भोजन में इस्तेमाल होने वाले पनीर के प्रकार और गुणवत्ता की जानकारी मेन्यू या परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
आगे भी होंगी छापेमारी
विभाग ने बताया कि आने वाले दिनों में अचानक जांच अभियान जारी रहेगा। इसमें पनीर सप्लायर के साथ होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी। लोगों से मिलावटी या असुरक्षित दूध-पनीर की सूचना खाद्य सुरक्षा कनेक्ट एप पर देने की अपील की गई है। विभाग के हेल्पलाइन नंबर 0172-2782457 पर भी शिकायत की जा सकती है।
