Ease of living Survey में 20 हजार शहरवासियों ने लिया हिस्सा, जानिए कब आएंगे परिणाम
सर्वे के लिए शहर की शिक्षा स्वास्थ्य सुवधिाएं शहर में होने वाले जलभराव कम्युनिटी गारबेज कुलेक्शन सुरक्षा और पानी की क्वालिटी से संबंधित 24 सवाल पूछे गए थे।
चंडीगढ़ [राजेश ढल्ल]। ईज ऑफ लिविंग सर्वे प्रतियोगिता में 20 हजार 348 शहरवासियों ने भाग लिया है, जबकि टारगेट 10,586 लोगों का था। ऐसे में शहरवासियों ने अपने टारगेट से ज्यादा इस प्रतियोगिता में भाग लिया है, जिसकी बदौलत चंडीगढ़ ने अपने टारगेट का 192.22 प्रतिशत हासिल किया है।
प्रतियोगिता के तहत परिणाम की घोषणा इस माह के अंत में की जाएगी। 29 फरवरी तक शहरवासियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लेना था। इस प्रतियोगिता में देशभर के शहर शामिल है जिनमें 100 स्मार्ट सिटी भी हैं। शहरवासियों की ओर दिए गए फीडबैक के इस सर्वे में 30 प्रतिशत अंक लगेंगे। सर्वे के लिए शहर की शिक्षा, स्वास्थ्य सुवधिाएं, शहर में होने वाले जलभराव, कम्युनिटी, गारबेज कुलेक्शन, सुरक्षा और पानी की क्वालिटी से संबंधित 24 सवाल पूछे गए थे।
फीडबैक देने वाले शहरवासियों को केंद्र सरकार देगी पुरस्कार
यहां तक कि अब केंद्र सरकार की ओर से 25 फीडबैक देने वाले शहरवासियों का चयन रेंडमली कंप्यूटर के माध्यम से किया जाएगा। चुने गए लक्की विजेताओं को एक-एक हजार रुपये के गिफ्ट वाउचर दिए जाएंगे। इसके अलावा इन 25 लोगों को शहर की मेयर राजबाला मलिक और कमिश्नर केके यादव से मिलने और अहम मुद्दों पर बातचीत करने का मौका दिया जाएगा। यहां तक कि कुल 114 शहरों में से एक एक सिटीजन को चुना जाएगा। चयन पहले से चुने गए 25 लोगों में से ही किया जाएगा। इन 114 लोगों में से ही तीन नेशनल विजेता चुने जाएंगे। चुने गए तीन नेशनल विजेताओं को 25-25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
साल 2018 में चंडीगढ़ को मिल चुका है पांचवा स्थान
इन तीन चुने गए नेशनल विजेताओं को जून 2020 में होने वाले स्मार्ट सिटी की नेशनल कांफ्रेंस में भाग लेेने के लिए भेजा जाएगा, जहां यह सिटीजन अपने शहर का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करेंगे। मालूम हो कि इससे पहले साल 2018 में केंद्रीय आवास व शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 13 अगस्त 2018 को ईज ऑफ लिविंग इंडेक्स (जीवन सुगमता सूचकांक) जारी किया था, जिसमें चंडीगढ़ को भारत में रहने के लिहाज से पांचवे स्थान पर रखा गया था। उस समय 111 शहरों में सर्वेक्षण कराया गया था।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें