नगर निगम को कोरोना से लड़ने को अतिरिक्त फंड दे केंद्र: सतीश कैंथ
कोरोना के कारण केंद्र सरकार ने नगर निगम के फंड में 20 फीसद की कटौती भी लगा दी है। जिस कारण नगर निगम के सभी विकास के काम रुक जाएंगे।
चंडीगढ़, जेएनएन। कांग्रेस पार्षद सतीश कैंथ ने प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा को पत्र लिखा है कि कोविड-19 से लड़ने के लिए नगर निगम को केंद्र सरकार से अतिरिक्त फंड दिलवाया जाए क्योंकि नगर निगम की वित्तीय हालत पहले से खस्ता है। इस लड़ाई में नगर निगम को हर रोज पांच से छह लाख रुपये का खर्चा आ रहा है और यह नगर निगम अपने फंड से ही खर्च कर रहा है जबकि केंद्र सरकार दूसरे राज्यों को कोरोना के लिए अतिरिक्त फंड दे रही है। कोरोना के कारण केंद्र सरकार ने नगर निगम के फंड में 20 फीसद की कटौती भी लगा दी है। जिस कारण नगर निगम के सभी विकास के काम रुक जाएंगे।
ऐसे में भाजपा को भी केंद्र सरकार से नगर निगम को अतिरिक्त फंड दिलवाने के लिए प्रयास करने चाहिए। शुक्रवार को नगर निगम ने 13 गांवों की दुकानों का किराया 10 फीसद बढ़ा दिया है। सभी दुकानों का जो एवरेज पानी का बिल आता है, उसमें छूट दी जानी चाहिए। अनुबंध कमेटी की बैठक में नगर निगम ने 54 लाख रुपये का सामान भी कोरोना से मुकाबला करने के लिए खरीदने का फैसला लिया है। कर्मचारियों की ओर से अप्रैल माह का एक दिन का वेतन कोरोना फंड में देने की भी सराहना की।
Sector-16 अस्पताल में भाजपा के सात कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान
भाजपा की ओर से 14 अप्रैल से चलाया जा रहा रक्तदान अभियान शनिवार को भी जारी रहा जिसमें सात पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुहिम से पहली बार सेक्टर-16 के अस्पताल में रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में सागर, सूरज, अमनदीप सिंह, संतोष राजभर, सोनू गुप्ता, निर्मल जयसवाल, सुरेश मौर्य शामिल थे। अब तक कुल 243 पार्टी वर्कर्स खूनदान कर चुके हैं। वहीं दूसरी और पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ने सभी सरकारी अस्पतालों को आश्वासन दिया है कि संकट खत्म होने तक यह अभियान जारी रहेगा।