गुजरात व हिमाचल की जीत पर जश्न, भाजपा ने कहा- जनता ने लगाई काम पर मोहर
गुजरात पर हिमाचल में भाजपा की जीत पर पंजाब व चंडीगढ़ में भाजपाइयों ने जमकर जश्न मनाया। नेताओं ने इसे मोदी व शाह की जीत बताया।
जेएनएन, चंडीगढ़। गुजरात व हिमाचल में भाजपा की जीत पर पंजाब व चंडीगढ़ में भी जश्न मना। चंडीगढ़ में पार्टी मुख्यालय कमलम व 37 स्थित पंजाब हेडक्वार्टर में जमकर जश्न मना। नेताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर जीत की बधाई दी। पार्टी नेताओं ने इस जीत का श्रेय पीएम मोदी व पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को दिया।
भाजपा के पंजाब प्रधान विजय सांपला ने कहा है कि गुजरात व हिमाचल विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिले बहुमत से अब स्पष्ट हो गया है कि मतदाता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकास नीतियों से खुश हैं। इन दो प्रदेशों की जीत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी के संगठन कौशल की पुष्टि करती है। इन नतीजों से दो बातें और स्पष्ट होती हैं कि लोग कांग्रेस मुक्त भारत चाहते हैं तथा लोग जातिगत राजनीति को नकारने की बात स्वीकारते हैं।
संगरूर में जश्न मनाते भाजपा कार्यकर्ता।
पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने कहा कि हिमाचल की जीत कांग्रेस मुक्त भारत के लिए काफी अहम है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस की तरह चुनाव के समय ही सक्रिय नहीं होती है। पार्टी के कार्यकर्ता सालभर अपने क्षेत्र में काम करते हैं, यही वजह है कि पार्टी लोगों के करीब है। उन्होंने गुजरात और हिमाचल के लोगों को ईमानदार सरकार चुनने के लिए धन्यवाद दिया।
वहीं, सांसद किरण खेर ने कहा कि यह नतीजे पहले से ही लोगों को मालूम थे। जनता मोदी सरकार को पसंद कर रही है, यही वजह है कि हम उत्तर प्रदेश के बाद गुजरात और हिमाचल में भी जीते हैं। यह जीत काफी अहम है इससे कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार हुआ है। पूर्व सांसद सत्यपाल जैन ने कहा कि गुजरात में कांग्र्रेस ने जीत के लिए कई हथकंडे अपनाए, लेकिन जीत हमेशा सत्य की होती है। लोग समझते हैं कि कौन पार्टी और कौन नेता देशहित में काम कर रहा है।
यह भी पढ़ेंः बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने कहा, राजनीति में आने का विकल्प खुला