बालकनी से फेंके गए थे नोटों के बैग, अब देर रात पहुंची CBI; मोहाली में IT कारोबारी नितिन गोहिल के ठिकाने पर छापा
सीबीआई ने मोहाली के वेस्टर्न टावर स्थित आईटी कारोबारी नितिन कुमार गोहिल के ठिकाने पर छापा मारा, जो पंजाब में ...और पढ़ें

वेस्टर्न टावर में आईटी कारोबारी के घर पहुंची सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम।
HighLights
सीबीआई ने मोहाली में आईटी कारोबारी नितिन गोहिल के ठिकाने पर छापा मारा
यह कार्रवाई पंजाब में रियल एस्टेट भ्रष्टाचार मामले से संबंधित है
ईडी ने पहले इसी ठिकाने से 21 लाख रुपये नकद बरामद किए थे
जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब में रियल एस्टेट और जमीन से जुड़े मामले में केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। बुधवार रात सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम मोहाली के वेस्टर्न टावर स्थित आईटी कारोबारी नितिन कुमार गोहिल के ठिकाने पर पहुंची।
दिल्ली नंबर की गाड़ी से पहुंची टीम ने मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और परिसर में जांच की। इससे पहले इसी ठिकाने पर एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) की टीम कार्रवाई कर चुकी है।
सीबीआई की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब एजेंसी ने पंजाब में कथित भ्रष्टाचार नेटवर्क से जुड़े मामले में कल एफआईआर दर्ज की थी। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने मामले की जांच अपने हाथ में ली है।
एफआईआर में तबादलों, टेंडर, लाइसेंस और अन्य सरकारी प्रक्रियाओं से जुड़े कथित भ्रष्टाचार की जांच का जिक्र है। इसी मामले में सीबीआई ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई शुरू की है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
वेस्टर्न टावर में सीबीआई टीम के पहुंचने से पहले यहां ईडी की कार्रवाई हो चुकी है। ईडी ने पंजाब के रियल एस्टेट सेक्टर, बिल्डरों और जमीन से जुड़े कथित घोटाले तथा मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में चंडीगढ़, मोहाली और आसपास के कई ठिकानों पर कार्रवाई की थी।
बालकनी से नीचे फेंके गए थे नोटों से भरे बैग
इसी कार्रवाई के दौरान नितिन कुमार गोहिल के नौवें फ्लोर स्थित फ्लैट नंबर 906 से नकदी मिलने का मामला भी सामने आया था। रिपोर्टों के मुताबिक ईडी की टीम के पहुंचने के दौरान फ्लैट की बालकनी से नोटों से भरे बैग नीचे फेंके गए थे।
बैग फटने के बाद 500-500 रुपये के नोट नीचे बिखर गए। मौके से करीब 21 लाख रुपये की नकदी बरामद होने की बात सामने आई थी। हालांकि इन घटनाक्रमों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित एजेंसियों की ओर से नहीं की गई है।
अब ईडी कार्रवाई के बाद उसी ठिकाने पर सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम के पहुंचने और लोगों से पूछताछ करने से मामले में जांच को लेकर हलचल बढ़ गई है। सीबीआई टीम देर रात तक मौके पर जांच में जुटी रही।
