महिला पंचायत सदस्य व उसके पति के साथ मारपीट करने के आरोप में केस दर्ज
घायल हुई पंच और पति को डेराबस्सी सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया था। इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
डेराबस्सी, जेएनएन। निकटवर्ती गांव भांखरपुर में महिला पंचायत सदस्य और उसके पति के साथ मारपीट करने के आरोप में गांव के सुखविंदर सिंह (35) पुत्र रणजीत सिंह के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। झगड़े दौरान घायल हुई पंच और पति को डेराबस्सी सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया था। इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।
जांच अधिकारी गुरवरयाम सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह करीब छह बजे भांखरपुर की पंचायत मेंबर मीना रानी और उसका पति अवतार सिंह गुरुद्वारा साहब माथा टेक कर वापस लौट रहे थे। मीना रानी ने पुलिस को बताया कि जब वह सैनी स्वीट्स के पास पहुंचे तो उन्हीं के गांव का सुखविंदर सिंह गाली-गलोच करने लगा। जब उसके पति ने विरोध किया तो उसने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वह दोनों घायल हो गए। उन्होंने बताया कि गांव की शामलात जमीन में बने स्टेडियम की जगह को लेकर आरोपित के साथ पंचायत का विवाद चल रहा है। इस कारण उक्त व्यक्ति उनके साथ रंजिश रखता है। पुलिस ने मीना रानी के बयान के आधार पर आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------------------------
अज्ञात व्यक्ति का शव मिला
पंचकूला-यमुनानगर मार्ग पर ईको सिटी के पास वीरवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस चौकी इंचार्ज रामगढ़ जसविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को किसी राहगीर ने सूचना दी थी। उन्होंने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी और घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर शिनाखत के लिए नागरिक अस्पताल सेक्टर-6, पंचकूला की मोर्चरी में रखवा दिया। एसीपी राजकुमार और सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया।