Move to Jagran APP

पंजाब में अब अमरिंदर सरकार, कैप्‍टन ने सिद्धू सहित आठ मंत्रियों संग ली शपथ

कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब के सीएम के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। इसके संग ही उन्‍होंने राज्‍य की कमान संभाल ली। नवजाेत सिद्धू व मनप्रीत बादल स‍हित आठ मंत्रियों ने भी शपथ ली।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Thu, 16 Mar 2017 09:37 AM (IST)Updated: Thu, 16 Mar 2017 06:31 PM (IST)
पंजाब में अब अमरिंदर सरकार, कैप्‍टन ने सिद्धू सहित आठ मंत्रियों संग ली शपथ
पंजाब में अब अमरिंदर सरकार, कैप्‍टन ने सिद्धू सहित आठ मंत्रियों संग ली शपथ

जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के प्रधान कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब की कमान संभाल ली है। कैप्‍टन ने यहां राजभवन में आयोजित समारोह में मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली। उनको राज्‍यपाल वीपी सिंह बदनौर पद और गाेपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद आठ मंत्रियों को भी शपथ दिलाई गई। इनमें छह कैबिनेट मंत्री और दो राज्‍यमंत्री हैं। दोनों राज्‍यमंत्री महिला हैं। मं‍त्रियों को विभागों का भी बंटवारा कर दिया गया है।

loksabha election banner

नवजोत सिद्धू, मनप्रीत सिंह, ब्रह्म मोहिंदरा, चन्‍नी, तृप्‍त राजिंदर बाजवा व राणा गुरजीत कैबिनेट मंत्री

कैप्‍टन अमरिंदर सिंह के बाद ब्रह्म मोहिंदरा, नवजाेत सिंह सिद्धू, मनप्रीत सिंह बादल ने शपथ ली। तृप्‍त राजिंदर बाजवा, राणा गुरजीत और चरणजीत सिंह चन्‍नी ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। दो महिला विधायकों अरुणा चौधरी और रजिया सुल्‍ताना ने भी राज्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली है।

यह भी पढ़ें: मंत्री सिद्धू के कई हैैं रंग, क्रिकेट व टीवी से होकर राजनीति में छाए

शपथ लेने के बाद सिद्धू ने कैप्‍टन अमरिंदर सिंह के पैर छुए। वह शपथ लेने के बाद राज्‍यपाल बदनौर से बिना हाथ मिलाए जाने लगे तो अमरिंदर ने टोका। इसके बाद सिद्धू पलटे आैर राज्‍यपाल से हाथ मिलाया। मनप्रीत सिंह बादल ने शपथ लेने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह राहुल गांधी से मिलने पहुंचे।

कैप्‍टन ने अंग्रेजी और सिद्धू ने पंजाबी में ली शपथ

शपथ ग्रहण समारोह में कैप्टन अमरिंदर सिंह और राणा गुरजीत सिंह ने अंग्रेजी में और अरुणा चौधरी ने हिंदी में पद और गोपनीयता की शपथ ली। ब्रह्म मोहिंदरा, नवजोत सिंह सिद्धू, मनप्रीत सिंह बादल, चरणजीत सिंह चन्‍नी, तृप्‍त राजिंदर बाजवा और रजिया सुल्‍ताना ने पंजाबी में शपथ ली।

पंजाब के नए मुख्‍यमंत्री अमरिंदर सिंह और उनके मंत्री।

शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह आैर कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी सहित कई दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। समारो‍ह में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व उनके करीबी रिश्तेदार, वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा, कपिल सिब्बल, अश्विनी कुमार, राजीव शुक्ला, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई दिग्‍गज नेता मौजूद थे। उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस के अध्‍यक्ष राज बब्‍बर, अंबिका सोनी, पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष प्रताप सिंह बाजवा, दिल्‍ली कांग्रेस के अध्‍यक्ष अजय माकन भी समारोह में पहुंचे।

कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेते नवजाेत सिंह सिद्धू।

अमरिंदर सिंह शपथ ग्रहण के साथ ही एक नया इतिहास भी रचा। 1966 में पंजाब के पुनर्गठन के बाद से वह कांग्रेस के पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्‍होंने दूसरी बार पंजाब की कमान संभाली है।

यह भी पढ़ें: बादल ने कार्यकर्ताओं से कहा, फिक्र न करो दिल्ली में है अपनी सरकार

कैप्‍टन साढ़े तीन बजे पहुंचेंगे पंजाब सचिवालय

कैप्टन अमरिंदर 2002 से 2007 तक पंजाब के मुख्यमंत्री रहे हैं। वीरवार को बाद दोपहर जब करीब साढ़े तीन बजे वह पूरे लाव-लश्कर के साथ पंजाब सिविल सचिवालय जाएंगे, तो दस साल बाद उनके कदम सचिवालय में पड़ेंगे। गौरतलब है कि पिछले साल साल अमरिंदर एक बार भी सचिवालय नहीं आए। हालांकि 2007 से 2014 तक विधायक होने के नाते वह विधानसभा जरूर आते रहे।

कै‍बिनेट मंत्री के रूप शपथ लेते मनप्रीत बादल।

---------

मुख्‍यमंत्री और नए मंत्रियों का प्रोफाइल

कैप्‍टन अमरिंदर सिंह (मुख्‍यमंत्री)

कैप्‍टन अमरिंदर सिंह मशहूर पटियाला राजघराने से हैं। उन्‍होंने सेना में भी सेवा दी थी। बाद में सेना की सेवा छोड़ दी और राजनीति में आ गए। उन्‍होंने अपनी राजनीतिक सफर की शुरूआत 1980 में पटियाला से की। उन्‍हाेंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत कांग्रेस से की थी। बाद में शिरोमणि अकाली दल में चले गए थे और वह प्रकाश सिंह बादल की सरकार में मंत्री भी रहे हैं। बाद में वह फिर कांग्रेस में चले गए। कैप्‍टन 2002 से 2007 तक पंजाब के मुख्‍यमंत्री रहे। वह दो बार लोकसभा का चुनाव भी जीते। इस बार विधानसभा चुनाव में वह पटियाला शहरी क्षेत्र चुनाव जीते।

विधानसभा क्षेत्र : पटियाला शहरी
किससे जीते : डॉ. बलबीर सिंह (आम आदमी पार्टी)
कितने वोट से : 52,407
शिक्षा : एनडीए
प्रॉपर्टी : 48,31,70,644
केस : एक
प्रोफेशन : राजनीति
उम्र : 74

--------

नवजोत सिंह सिद्धू

नवजो‍त सिंह सिद्धू पहली बार मंत्री बने हैं। वह भी मूल रूप से पटियाला के रहने वाले हैं। उनका जन्म  20 अक्टूबर,1963 को पटियाला में हुआ था। सिद्धू ने क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद 2004 में भाजपा से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की। वह अमृतसर से भाजपा के सांसद रहे। 2014 के चुनाव में उन्हें टिकट नहीं दिया गया तो उन्होंने भाजपा से दूरी बनानी शुरू कर दी। हालांकि इसके बाद भाजपा ने उन्हें राज्यसभा पहुंचाया, लेकिन सिद्धू ने राज्यसभा से इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया। वह इस चुनाव में अमृतसर ईस्‍ट से चुनाव जीते हैं।

विधानसभा क्षेत्र : अमृतसर पूर्वी
किससे जीते : राजेश हनी (भाजपा)
कितने वोट से : 42,809
शिक्षा : बीए, एलएलबी
प्रॉपर्टी : 45,90,98,908
केस : एक
प्रोफेशन : बिजनेस
उम्र : 53

यह भी पढ़ें: अमरिंदर ने सेना से तय किया पंजाब के कैप्टन तक का सफर

-------

मनप्रीत सिंह बादल

मनप्रीत सिंह बादल इस बार विधानसभा चुनाव में बठिंडा शहरी से चुनाव जीते हैं।वह पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैैं। वह 2007 से 2010 तक प्रकाश सिंह बादल की सरकार में वित्त मंत्री रहे। इसी दौरान मतभेदों के कारण उन्होंने अकाली दल छोड़ी और अपनी नई पार्टी पंजाब पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) बनाई। 2017 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पूर्व मनप्रीत ने अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया। वह दूसरी बार राज्‍य में मंत्री बने हैं।

विधानसभा क्षेत्र : बठिंडा शहरी
किससे जीते : दीपक बांसल (आप)
कितने वोट से : 18,480
शिक्षा : एलएलबी
प्रॉपर्टी : 40,37,15,913
केस : कोई नहीं
प्रोफेशन : खेतीबाड़ी
उम्र : 54 वर्ष

--------

ब्रह्म मोहिंदरा

ब्रह्म मोहिंदरा कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता है। वह इस बार विधानसभा चुनाव में पटियाला देहात सीट से जीते हैं। वह छठी बार विधानसभा चुनाव जीते हैं और उन्‍हें पार्टी का हिंदू चेहरा माना जाता है। वह कैप्‍टन अमरिंदर सिंह के करीबी समझे जाते हैं।

विधानसभा क्षेत्र : पटियाला देहाती
किससे जीते : करणवीर सिंह (आप)
कितने वोट से : 27,229
शिक्षा : ग्रेजुएट
प्रॉपर्टी : 5,14,98,419
केस : कोई केस नहीं
प्रोफेशन : राजनीति
उम्र : 70

देखें तस्वीरें: नवजोत सिंह सिद्धू का क्रिकेट से मंत्री पद तक का सफर

---------

चरणजीत सिंह चन्नी

तृप्‍त राजिंदर सिंह बाजवा

पंजाब के नए कैबिनेट मंत्री तृप्‍त राजिंदर सिंह बाजवा भी असरदार नेताओं में माने जाते हैं। इस बार विधानसभा चुनाव में वह फतेहगढ़ चूड़ियां इलाके से चुनाव जीते हैं। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के बड़े नेता निर्मल सिंह कहलों को लगातार दूसरी बार चुनाव में हराया है। बाजवा पंजाब के माझा इलाके से आते हैं। वह पिछली बार काहलों को विधानसभा चुनाव में राज्‍य की राजनीति में चर्चित हुए थे।

विधानसभा क्षेत्र : फतेहगढ़ चूडिय़ां
किससे जीते : निर्मल सिंह काहलों (शिअद)
कितने वोट से : 1999
शिक्षा : बीए
प्रॉपर्टी : 5,00,86,422
केस : कोई नहीं
प्रोफेशन : खेतीबाड़ी
उम्र : 73 वर्ष

---------

साधु सिंह धर्मसोत

साधु सिंह धर्मसोत कांग्रेस के दलित चेहरा माने जाते हैं। वह पटिलाया जिले से नाभा विधानसभा सीट से चुनाव जीते हैं। वह पिछले 10 साल तक कांग्रेस के पंजाब की सत्ता से बाहर रहने के दौरान भी चुनाव जीतते रहे। उन्‍हें इसका ईनाम मिला है।

विधानसभा क्षेत्र : नाभा
किससे जीते : गुरदेव सिंह (आप)
कितने वोट से : 18,815
शिक्षा : दसवीं
प्रॉपर्टी : 82,87,433
केस : कोई नहीं
प्रोफेशन : सामाजिक कार्य
उम्र : 56 वर्ष

------

राणा गुरजीत सिंह

राणा गुरजीत सिंह कपूरथला से कांग्रेस के विधायक हैं। वह पंजाब के बड़े कारोबारी हैं। राणा गुरजीत को मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है। राणा गुरजीत सिंह का परिवार भी कपूरथला हलके में लगातार पांच विधान सभा चुनावों में जीत दर्ज करता चला आ रहा है। राणा का जन्म 19 अप्रैल 1956 को पिता राणा दलजीत सिंह के घर में हुआ। राणा गुरजीत ने 15 साल पहले कपूरथला से अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत की थी। 2002 में वह पहली बार विधानसभा में पहुंचे। 2004 में वह जालंधर लोकसभा सीट से जीते।

विधानसभा क्षेत्र : कपूरथला
किससे जीते : परमजीत सिंह (शिअद)
कितने वोट से : 28,817
शिक्षा : मेट्रिक
प्रॉपर्टी : 1,70,02,47,000
केस : एक
प्रोफेशन : खेतीबाड़ी व बिजनेस
उम्र : 64 वर्ष

---------

अरुणा चौधरी

कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने महिला चेहरे के रूप में अरुणा चौधरी को अपनी सरकार में शामिल किया है। वह पंजाब के माझा इलाके की दीनानगर सीट से विधायक चुनी गई हैं। अरुणा दीनानगर सीट से तीसरी बार विधायक बनी हैं। इसमें से वह दो बार लगातार चुनाव जीती हैं।

विधानसभा क्षेत्र : दीनानगर (एससी)
किससे जीती : बिशन दास धुप्पड़ (शिअद)
कितने वोट से : 31,917
शिक्षा : बीए
प्रॉपर्टी : 5,16,62,751
केस : कोई नहीं
प्रोफेशन : बिजनेस
उम्र : 60

--------

रजिया सुल्ताना

रजिया सुल्ताना को भी अमरिंदर कैबिनेट में राज्य मंत्री बनाया गया है। रजिया पार्टी की मुस्लिम चेहरा मानी जाती हैं। उन्‍हें अल्‍पसंख्‍यक होने के कारण ही मंत्री पद से नवाजा है। मंत्रिमंडल में वह एकमात्र मुस्लिम मंत्री हैं। वह इस बार मालेरकोटला से विधायक बनी हैं।

विधानसभा क्षेत्र : मालेरकोटला
किससे जीती : मो. ओवैस (शिअद)
कितने वोट से : 12,702
शिक्षा : मेट्रिक
प्रॉपर्टी : 10,33,68,282
केस : कोई नहीं
प्रोफेशन : खेतीबाड़ी
उम्र : 50 वर्ष

------------

पंजाब की नई सरकार

कैबिनेट मंत्री

1. कैप्‍टन अमरिंदर सिंह (मुख्‍यमंत्री)- सामान्‍य प्रशासन, गृह, कार्मिक, न्‍याय, विजिंलेंस सहित अन्‍य विभाग  जो अन्‍य मंत्रियों के पास नहीं हैं।

2. ब्रह्म मोहिंदरा- स्‍वास्‍थ्‍य एवं परिवार कल्‍याण, रिसर्च और चिकित्‍सा शिक्षा, संसदीय कार्य मामले।

3. नवजाेत सिंह सिद्धू - स्‍थानीय निकाय, पर्यटन एवं कला व संस्‍कृति अौर संग्रहालय, पुरातत्‍व व अभिलेख विभाग।

4. राणा गुरजीत सिंह- सिंचाई एवं बिजली

5. मनप्रीत सिंह बादल- वित्‍त, योजना और रोजगार सृजन

6. चरनजीत सिंह चन्‍नी- तकनीकी शिक्षा और आैद्योगिक प्रशिक्षण।

7. साधु सिंह धर्मसोत- वन, वन्‍य जीव, सामाजिक कल्‍याण व प्रिंटिंग और स्‍टेशनरी विभाग।

8. तृप्‍त राजिंदर सिंह बाजवा- ग्रामीण्‍ा विकास, पंचायत, जलापूर्ति और सीवरेज विभाग।

राज्‍यमंत्री (स्‍वंतत्र प्रभार)

1. रजिया सुल्‍ताना- पीडब्‍ल्‍यूडी और सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल कल्‍याण/।

2. अरुणा चौधरी- उच्‍च और स्‍कूली शिक्षा।

यह भी पढ़ें: कार्यभार संभालने के बाद सीएम अमरिंदर बोले, चुनाव घोषणापत्र पर अमल सोमवार

-----

सिद्धू को मिल सकता है स्थानीय निकाय व शहरी विकास विभाग

इस बीच कांग्रेस सूत्रों से चार मंत्रियों के विभागों की जानकारी मिली है। नवजोत सिंह सिद्धू को हालांकि अभी डिप्टी सीएम नहीं बनाया जा रहा, लेकिन उन्हें स्थानीय निकाय व शहरी विकास विभाग दिए जाने की खबर है।  अमरिंदर के बाद वरिष्ठता में दूसरे स्थान पर ब्रह्म मोहिंदरा होंगे, जिन्हें बिजली जैसा भारी-भरकम विभाग दिया जाएगा। सूत्रों की मानें तो मनप्रीत बादल को वित्त व योजना और तृप्त राजिंदर बाजवा को लोक निर्माण विभाग का जिम्मा सौंपा जाएगा।

देखें तस्वीरें: कैप्टन अमरिंदर सिंह ने संभाली पंजाब की कमान

मोदी ने शुभकामनाएं दीं तो कैप्टन ने लिखा धन्यवाद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर कैप्टन अमरिंदर को पंजाब का नया मुख्यमंत्री बनने पर ट्वीट करपंजाब के विकास के लिए काम करने क लिए ढेरों बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। इस पर अमरिंदर ने भी जवाब में ट्वीट करके मोदी का धन्यवाद किया। गौरतलब है कि 11 मार्च को चुनाव नतीजे आने पर भी प्रधानमंत्री ने ट्वीट और फोन करके अमरिंदर को मुबारकबाद दी थी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.