चंडीगढ़ में बीएससी के छात्र ने लगाया फंदा, माता-पिता करते रहे कॉल; बेटे की मौत की खबर मिली
चंडीगढ़ के सेक्टर-15 में एक बीएससी छात्र अर्शदीप सिंह ने फंदा लगाकर जान दे दी। माता-पिता के फोन न उठाने पर दोस्त ने उसे कमरे में लटका पाया।

बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र ने फंदा लगाकर दी जान। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
सेक्टर-15 में रहता था, डीएवी कॉलेज में पढ़ता था।
मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा का रहने वाला था।
परीक्षा में सप्लीमेंट्री आने से तनाव की बात सामने आई।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-15 में किराये के मकान में रह रहे बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र अर्शदीप सिंह ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के गांव मंगडियाल का निवासी था और डीएवी काॅलेज में पढ़ाई कर रहा था।
घटना का पता तब चला जब उसके माता-पिता ने फोन किया और उसने जवाब नहीं दिया। इसके बाद उसके पिता ने दोस्त हरमनदीप सिंह को संपर्क करने के लिए कहा। जब हरमंदिप मकान पर पहुंचा, तो अर्शदीप फंदे से लटका मिला।
अर्शदीप सेक्टर-15 स्थित एक म की ऊपरी मंजिल पर रह रहा था। मकान मालिक रघबीर सिंह ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और सीएफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में हरमंदिप ने बताया कि अर्शदीप परीक्षा में सप्लीमेंट्री आने के कारण तनाव में था। हालांकि, पुलिस ने इसे आत्महत्या का निश्चित कारण नहीं माना है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीएफएसएल टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले के अन्य पहलुओं की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस घटना के कारणों और छात्र की मानसिक स्थिति की जांच कर रही है।
