भूख हड़ताल पर बैठेंगे भाजपा के काउंसलर
सत्तापक्ष के काउंसलर भी अब भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : सत्तापक्ष के काउंसलर भी अब भूख हड़ताल पर बैठेंगे। यह भूख हड़ताल होगी चंडीगढ़ हाउसिग बोर्ड (सीएचबी) के अलॉटियों को की गई एंक्रोचमेंट के बदले वन टाइम सेटलपमेंट मांग मनवाने के लिए। इस भूख हड़ताल में भाजपा ही नहीं कांग्रेस के काउंसलर भी शामिल होंगे। रविवार 12 दिसंबर को रामदरबार में यह हड़ताल होगी। इसकी घोषणा रविवार को सेक्टर-45 कोऑर्डिनेशन कमेटी द्वारा आयोजित धरना कम भूख हड़ताल के दौरान सीएचबी रेजिडेंट्स वेलफेयर फेडरेशन ने की। श्री सनातन धर्म मंदिर के सामने धरना स्थल पर स्थानीय काउंसलर कंवर राणा, सीनियर डिप्टी मेयर हरदीप सिंह, अनिल दुबे, भरत कुमार, राजबाला मलिक और सुबीना बंसल सहित अन्य मौजूद रहे। सेक्टर-45सी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेजिडेंट कमल शर्मा बताया कि दिल्ली में भी हजारों अलॉटी इसी तरह की समस्या से जूझ रहे थे। विजय कुमार मल्होत्रा की अध्यक्षता में कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर दिल्ली में लोगों को राहत दी गई है। उनकी फेडरेशन भी दिल्ली के वह सभी दस्तावेज जुटा कर लाई है। विजय कुमार मल्होत्रा के प्रयासों से वहां लोगों को मिसयूज वायलेशन नोटिस, एंक्रोचमेंट के पंगे से छुटकारा मिल गया है। दिल्ली की तर्ज पर गठित होगी कमेटी
दिल्ली में विजय कुमार मल्होत्रा की कमेटी ने यूनीक सॉल्यूशन से हजारों अलॉटियों को इस भंवर से बाहर निकाल राहत दी। अब चंडीगढ़ में भी इसी की तर्ज पर कमेटी गठित किए जाने की मांग निर्मल दत्त ने की। जिसमें राजनीतिक और टेक्नोक्रेट्स शामिल किए जाने चाहिए। इससे दो लाख सीएचबी रेजिडेंट्स को फायदा मिलेगा। काउंसलर अनिल दुबे ने कहा कि वह सांसद किरण खेर से दिल्ली की तर्ज पर कमेटी गठित करने की मांग रखेंगे। विजय कुमार मल्होत्रा की तर्ज पर कमेटी गठित करने की घोषणा अगली मीटिग में कर दी जाएगी। यह दावा भी अनिल दुबे ने किया।