भाजपा गांधी जयंती से शुरू करेगी पदयात्रा, नारा होगा कांग्रेस गद्दी छोड़ो
भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पंजाब की राजनीति में खुद को सक्रिय करने जा रही है। पार्टी महात्मा गांधी के जयंती पर 2 अक्टूबर से पंजाब भर में पदयात्रा शुरू करेगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद लगातार हाशिये पर चल रही भारतीय जनता पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पंजाब की राजनीति में खुद को सक्रिय करने जा रही है। भाजपा ने महात्मा गांधी के जयंती पर 2 अक्टूबर से पंजाब भर में पदयात्रा शुरू करेगी। नारा भी महात्मा गांधी के अंग्रेजों भारत छोड़ो की तर्ज पर 'कांग्रेस गद्दी छोड़ो' का दिया है।
पार्टी मुख्यालय में भाजपा के प्रदेश प्रधान और राज्य सभा सदस्य श्वेत मलिक प्रदेश सरकार पर ड्रग्स, रोजगार, कानून व्यवस्था आदि को लेकर ताबड़तोड़ हमले किए। मलिक ने कहा कि पंजाब में विचित्र सरकार है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने मंत्रियों से नहीं मिलते, जबकि विधायक मुख्यमंत्री के पास डर के मारे नहीं जाते हैं। मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर में बैठकर पंजाब के भ्रमण के लिए तो निकलते हैं, लेकिन परिणाम कुछ भी नहीं निकलता।
मलिक ने कहा, मुख्यमंत्री पहली बार जब निकले तो उन्हें अवैध रेत खनन दिखा। दावे बड़े-बड़े किए लेकिन परिणाम कुछ नहीं आया। गुटका साहिब हाथ में लेकर 4 सप्ताह में ड्रग्स को खत्म करने का वादा किया, लेकिन तकरीबन डेढ़ साल बाद भी ड्रग्स को खत्म नहीं कर पाए। विकास का पहिया रुका हुआ है। मलिक ने कहा, विपक्षी पार्टी होने के नाते यह आरोप केवल हम ही नहीं लगा रहे हैं, बल्कि कांग्रेस के विधायक भी यह बात कहते चले आ रहे हैं। मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए मलिक ने कहा कि अब महिलाएं ठीकरी पहरा लगाकर ड्रग्स को रोकने में जुटी हैं।
जिम्मेदारी से भाग रही कांग्रेस
मलिक ने आरोप लगाया कि कैप्टन सरकार हमेशा खजाना खाली होने का राग अलाप कर अपने जिम्मेदारियों से भागना चाहती है। प्रदेश में युवा, किसान, महिलाएं सभी अपने आप को सरकार के हाथों ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। अब पंजाब भाजपा राज्य में चौकीदार की भूमिका अदा करेगी। 2 अक्टूबर से शुरू होने वाली पदयात्रा में भाजपा जनसंपर्क करेगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान पंजाब के हरेक जिले में चलेगा। बेअदबी को लेकर मलिक ने कहा कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस सरकार की तरफ से क्रिएटिव दोषी करार देना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बादलों की तरफ कांग्रेस पर लगाए जा रहे आरोपों का समर्थन करते हुए मलिक ने कहा कि रणजीत सिंह कमीशन ने आरोप क्रिएट करने की कोशिश की है।
ड्रग्स मामले में दोषियों पर कार्रवाई करे सरकार
कांग्रेस सरकार पर ड्रग्स बिकवाने का आरोप लगाने वाले श्वेत मलिक से पूछा गया कि ड्रग्स मामले में एसआइटी की वो रिपोर्ट जिसमें बिक्रम सिंह मजीठिया का भी नाम बताया जाता है, को सार्वजनिक करना चाहिए, जवाब में मलिक ने कहा कि सरकार कांग्रेस की है, रोका किसने है। जो दोषी है उन पर सरकार कार्रवाई करे। वहीं, अकाली-भाजपा सरकार के दौरान ड्रग्स के मुद्दे का बचाव करते हुए मलिक ने कहा, प्रकाश सिंह बादल या सुखबीर बादल ने हाथ में गुटका साहिब लेकर कभी नहीं कहा कि वह चार सप्ताह में ड्रग्स की समस्या को खत्म कर देंगे। क्योंकि ड्रग्स एक अंतरराष्ट्रीय समस्या है।
सवाल पूछे जाने लगे तो खत्म कर दी प्रेस कांफ्रेंस
भाजपा के प्रदेश प्रधान श्वेत मलिक पत्रकार वार्ता के दौरान बोले तो खूब लेकिन सवालों का जवाब दिए बिना ही उठ खड़े हुए। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के फैसलों को लेकर श्वेत मलिक अधिकारिक रूप से पहली बार चंडीगढ़ मीडिया से रूबरू हुए। श्वेत मलिक ने करीब आधे घंटे तक कांग्र्रेस सरकार को कोसते रहे, लेकिन जब पत्रकारों ने सवाल पूछने शुरू किए तो मलिक जवाब देने के बजाय संवाददाता सम्मेलन को ही खत्म कर दिया और उठ खड़े हुए।