विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 23, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'परीक्षा के दौरान सिख छात्र-छात्राओं से कड़ा और कृपाण न उतरवाए जाए' भाजपा ने नियमों में बदलाव के लिए उठाई मांग

Published: Mon, 23 Sep 2024 07:52 PM (IST)

भाजपा ने सिख छात्रों के लिए परीक्षा के दौरान कड़ा और कृपाण पहनने के नियमों में बदलाव करने की मांग ...और पढ़ें

परीक्षा में सिख छात्र-छात्राओं को कड़ा-कृपाण पहनने की इजाजत के लिए भाजपा ने उठाई मांग।
परीक्षा में सिख छात्र-छात्राओं को कड़ा-कृपाण पहनने की इजाजत के लिए भाजपा ने उठाई मांग।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी से जुड़े सिख नेताओं ने राहुल गांधी द्वारा अमेरिका में पगड़ी और कड़े को लेकर दिए गए बयान की कड़ी निंदा की है।

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हरजीत सिंह ग्रेवाल, पूर्व डीजीपी सरबजीत सिंह विरक, पार्टी के प्रदेश महासचिव डॉ. जगमोहन सिंह राजू ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि आज तक नरेन्द्र मोदी सरकार के शासनकाल में किसी भी सिख को देश में कहीं भी जाने में कोई भी दिक्कत नहीं हुई, सिर्फ 1984 में ही कांग्रेस पार्टी के शासनकाल में पगड़ी पहनने वालों पर लगातार तीन दिनों तक अत्याचार किया गया।

जब सिखों को ढूंढ-ढूंढ जलाया गया। ये सब राजीव गांधी के बयान के बाद योजनाबद्ध तरीके से शुरू हुआ। साथ ही उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी सिख छात्र या छात्रा से कड़ा या कृपाण न उतरवाया जाए इसके लिए वह नियमों में बदलाव करवाएंगे।

उन्होंने कहा कि आज तक किसी भी संगठन, कांग्रेस या किसी अन्य पार्टी ने सिखों के हितों की बात नहीं की, उन्होंने केवल राजनीति से प्रेरित होकर काम किया और भाजपा को बदनाम करने का काम किया। उन्होंने कहा कि भारत में कभी-कभी कई शिक्षण संस्थानों में परीक्षा के दौरान सिख छात्रों का कड़ा, कृपाण उतार लेने की घटनाएं सामने आती हैं।

जिसका भाजपा कड़ा विरोध करती है, आगे से इस तरह की घटनाएं न हो उसके लिए हम नियमों में बदलाव करवाएंगे। उन्होंने ने कहा कि आज तक राहुल गांधी या किसी ने भी इस संबंध में संबंधित संस्था को पत्र तक नहीं लिखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मांग के समाधान के लिए पहल करेगी।

डॉ. जगमोहन सिंह राजू ने कहा कि कांग्रेस सिखों की कातिल है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के परिवार ने देश की आजादी के समय भी पंजाब के साथ धोखा किया। उन्होंने कहा कि अब देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सिखों के जख्मों पर मरहम लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जो गैरजिम्मेदाराना बयान दिया है उसके लिए सिखों और पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा, दर्शन सिंह नैनेवाल प्रांतीय प्रेस सचिव हरदेव सिंह उभ्भा मौजूद थे।