चंडीगढ़ में भाजपा अध्यक्ष बोले- पानी के मुद्दे पर राजनीति करने की बजाय पार्टी कार्यालय में आकर बैठक करें कांग्रेसी
चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि इन लोगों को सिर्फ राजनीति करनी है। भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कांग्रेस के नेताओं को कार्यालय में आकर बैठक करने का आफर किया।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कांग्रेस की ओर से किए जा रहे प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि इन लोगों को सिर्फ राजनीति करनी है और हम पानी के रेट कम करने जा रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कांग्रेस के नेताओं को आफर दिया है कि वह उनके पार्टी के कार्यालय में आकर उनके साथ बैठक करें। अरुण सूद का कहना है कि अगर कांग्रेस के नेता पानी के रेट के मुद्दे पर गंभीर है तो वह उनके साथ कभी भी आकर बैठक कर सकते हैं। उनका कहना है कि अगर कांग्रेस के नेता भाजपा कार्यालय में आते हैं तो वह खुद गेट पर खड़े होकर कांग्रेसी नेताओं का फूलों का हार पहना कर स्वागत करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि कांग्रेसी पानी के मुद्दे पर गंभीर नहीं है। वह सिर्फ राजनीति करना चाहती है, उनका कहना है कि वह यह भी बताने को तैयार है कि पानी के रेट कम करवाने के लिए उन्होंने अब तक क्या-क्या किया है और सिर्फ भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो कि पानी के रेट कम करवाएगी। अरुण सूद का कहना है कि यह उनका वादा है कि वह पानी के रेट हर हालत में कम करवाएंगे। लेकिन अगर वह इस कोरोना काल में भाजपा पार्षदों के घर जाकर प्रदर्शन करेंगे तो वह यह नहीं करने देंगे।
उनका कहना है कि कांग्रेस के नेता अगर पार्टी कार्यालय में आकर उनके साथ इस मुद्दे पर बैठक करते हैं तो वह चाय भी पिलाएंगे और लंच भी खिलाएंगे। मालूम हो कि कांग्रेस ने शुक्रवार शाम को सेक्टर 45 में पानी के रेट्स पर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की है। इस दौरान उन्होंने भाजपा पार्षद चंद्रावती शुक्ला और कनवर जीत राणा के घर जाकर फूल देने की रणनीति बनाई है, जबकि इस दौरान भाजपा के भी कार्यकर्ता इकट्ठे हो रहे हैं। इस मामले को लेकर भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने एसएसपी कुलदीप चहल से भी बात की है। नौ मार्च को नगर निगम की सदन की बैठक होने जा रही है, इसमें पानी के रेट कम करने का प्रस्ताव भाजपा पार्षदों द्वारा लाया जा रहा है।