बिटकॉइन घोटाला : मास्टरमाइंड अमित समेत 4 आरोपित यूटी पुलिस की गिरफ्त में
बिटकॉइन घोटाले का मास्टरमाइंड अमित भारद्वाज अब चंडीगढ़ पुलिस की गिरफ्त में है। उससे पूछताछ की जा रही है।
जेएनएन, चंडीगढ़। बिटकॉइन घोटाले का मास्टरमाइंड अमित भारद्वाज अब चंडीगढ़ पुलिस की गिरफ्त में है। हजारों करोड़ रुपये के इस घोटाले में चंडीगढ़ पुलिस के साइबर सेल ने मास्टरमाइंड के साथ साथियों विवेक भारद्वाज, पंकज अदलखा और हेमंत भोपे को भी गिरफ्तार किया है।
दिल्ली पुलिस चारों आरोपितों को प्रोडक्शन वारंट पर गत दिवस चंडीगढ़ लेकर आई। यहां साइबर सेल ने चारों की केस में गिरफ्तारी डालते हुए उन्हें सीजेएम अक्षदीप महाजन की कोर्ट में पेश किया। चारों का अदालत से दस दिन का रिमांड मांगा। हालांकि बचाव पक्ष की दलीलों के बाद अदालत ने चारों को चार दिन के रिमांड पर भेज दिया।
कोर्ट में पेशी के दौरान सरकारी वकील ने दलील दी कि चारों के खिलाफ पुलिस के पास कई सुबूत हैं। इनमें से अधिकतर बैंक खातों में हुए लाखों के ट्रांजेक्शन से जुड़े हैं। ये पैसा अमित की कई कंपनियों के खातों में ट्रांसफर हुआ है। इस आधार पर उन्हें आरोपितों से पूछताछ के लिए दस दिन का रिमांड दिया जाए। इस पर बचाव पक्ष ने पुलिस के पास कोई सुबूत न होने की दलील दी।
बचाव पक्ष ने बताया कि चारों आरोपित इससे पहले पुणे, दिल्ली समेत अन्य राज्यों की पुलिस कस्टडी में रह चुके हैं। चंडीगढ़ पुलिस चाहे तो उन राज्यों की पुलिस से जानकारी साझा कर सकती है। पुलिस चारों को केवल आरोपों के आधार पर प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कहा कि क्रिप्टोकरेंसी देशभर का मामला है। इसलिए केस की गंभीरता को देखते हुए चारों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा जाता है। जांच में नए तथ्य और सुबूत सामने आने पर आगे रिमांड बढ़ाया जाएगा।