Bird Flu Alert: चंडीगढ़ में नहीं थम रहा पक्षियों की मौत का सिलसिला, सात पक्षी मिले मृत
ट्राईसिटी में बर्ड फ्लू का खतरा बना हुआ है। पंचकूला के बरवाला में पोल्ट्री फार्मों में गुर्गियों में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद अब चंडीगढ़ में पक्षियों की मौत का सिलसिला रुक नहीं रहा है। फॉरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ डिपार्टमेंट की सर्विलांस टीम को सात पक्षी मरे मिले हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ में बर्ड फ्लू (Bird Flu) का खतरा बना हुआ है। भले ही दो सैंपल की बर्ड फ्लू से संबंधित रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी है। बावजूद इसके चंडीगढ़ में पक्षियों के मरने का सिलसिला नहीं थम रहा है। रोजाना फॉरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ डिपार्टमेंट की सर्विलांस टीम को अलग-अलग जगहों पर मृत पक्षी मिल रहे हैं। रविवार को तो अभी तक सबसे अधिक सात पक्षी मरे हुए मिले।
इससे पहले पांच पक्षी एक दिन में मरे मिले थे। इन सभी के सैंपल टेस्ट के लिए जालंधर लैब में भेजे गए हैं। इनमें से कई सैंपल की रिपोर्ट सोमवार शाम तक आ सकती है। हालांकि पहले रिपोर्ट नेगेटिव आने से प्रशासन और लोगों के लिए राहत की खबर रही है।
रविवार को मृत मिले सात पक्षियों में दो कौआ, तीन कबूतर और दो मैना शामिल है। यह सेक्टर-5, 7, 35, 39 और दड़वा में मरे मिले हैं। इसके बाद सोमवार को सर्विलांस के लिए निकली टीम को भी कई जगह पक्षी मरे मिले हैं। कुल कितने पक्षी मरे मिले इसकी शाम तक रिपोर्ट आ जाएगी।
फॉरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ डिपार्टमेंट की सर्विलांस टीम सोमवार सुबह ही कई हिस्सों छानबीन के लिए निकल गई। जो पक्षी मरे मिल रहे हैं उनको रिकवर कर बॉडी से एनिमल हस्बेंड्री डिपार्टमेंट की मदद से सैंपल ले लिए जा रहे हैं। इन्हें टेस्ट के लिए भेजा जाएगा। लैब की तरफ से पॉजिटिव केस की जानकारी ही दी जाती है। चंडीगढ़ के सैंपल को भेजे पांच दिन हो चुके हैं। पॉजिटिव होती तो रिपोर्ट अभी तक आ गई होती। हालांकि फिर भी अधिकारी एहतियात बरतने की बात कह रहे हैं। खासकर पक्षियों से दूरी बनाने और उनके लक्षणों पर ध्यान रखने की बात कही जा रही है।