चंडीगढ़ में नौकरी के लिए डेढ़ साल तक भटका, मायूस होकर यूपी लौट रहे युवक को बदमाशों ने लूटा
चंडीगढ़ में लुटेरों का खौफ बढ़ रहा है। बदमाश राह चलते अकेले आदमी को हथियारों के दम पर लूटकर नौ दो ग्यारह हो जाते हैं। ऐसा ही एक और मामला शहर में हुआ है। बाइक सवार लुटेरे युवक से मोबाइल पर्स और नकदी लूटकर फरार हो गए।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ में लुटेरों का खौफ बढ़ रहा है। बदमाश राह चलते अकेले आदमी को हथियारों के दम पर लूटकर नौ दो ग्यारह हो जाते हैं। बिल्कुल ऐसा ही एक और मामला शहर में हुआ है। बाइक सवार तीन लुटेरों ने एक युवक से मोबाइल, पर्स और नकदी लूट ली और फरार हो गए। वारदात की सूचना पाकर पहुंची इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस टीम ने आसपास तलाश करने के बाद अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटना सोमवार रात की है। यह लूट की वारदात उत्तर प्रदेश के जिला आजमगढ़ स्थित गांव साथियो के रहने वाले शकिल के साथ हुई है।
शकिल उत्तर प्रदेश से नौकरी की तलाश में चंडीगढ़ आया था। कोरोना महामारी की वजह से उसे नौकरी नहीं मिली नौकरी न मिलने के चलते हताश और निराश होकर युवक शकिल वापस अपने गृहनगर यूपी जा रहा था। उसे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से देर रात ट्रेन पकड़नी थी। पैदल स्टेशन जा रहे शकिल को आरोपितों ने इंडस्ट्रियल स्थित एसडीएम ऑफिस के सामने लाइट प्वाइंट पर घेर लिया। बदमाश उससे मोबाइल, पर्स और नकदी लूटकर भाग गए।
शिकायतकर्ता शकिल ने बताया कि वह चंडीगढ़ में काम की तलाश में आया था। लॉकडाउन की वजह से नौकरी नहीं मिलने पर वह सोमवार रात को वापस अपने मूल गांव यूपी जा रहा था। रेलवे स्टेशन जाते समय रास्ते में एसडीएम ईस्ट ऑफिस के पास पल्सर बाइक सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। उसे कुछ समझ आने से पहले आरोपित पर्स और मोबाइल लेकर फरार हो गए। पर्स में एक हजार रुपये कैश था।
बड़े सपने लेकर आया शहर, अब खाली हाथ लौट रहा घर
पीड़ित शकिल ने बताया कि वह परिवार के सबसे बड़ा है। परिवार की परवरिश के चलते बड़े सपने लेकर चंडीगढ़ आया था। उसके किसी जानकार ने बताया कि एक कंपनी में उसकी योग्यता के आधार पर पोस्ट खाली है। उस पर अप्लाई कर दे, भर्ती की सिफारिश करके करवा लेगा। बड़े सपने लेकर चंडीगढ़ आया, लेकिन कोरोना की वजह से कंपनी बंद हो गई। डेढ़ साल से इधर-उधर भटकने के बाद आखिरकार अब घर वापस जा रहा था। आरोपितों ने जेब में बचे पैसे, मोबाइल और दस्तावेज भी लूट लिया।