चंडीगढ़ एयरपोर्ट के नए नाम पर भगवंत मान ने कहा- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दिल की गहराइयों से शुक्रिया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद-आजम भगत सिंह के नाम पर रखे जाने का एलान किया है। इस पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने पीएम नरेन्द्र मोदी का पंजाब की ओर से शुक्रिया अदा किया है।
आनलाइन डेस्क, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने का एलान कर दिया है। मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि शहीद-ए-आजम की जयंती पर 28 सितंबर को चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखा जाएगा। पंजाब के सीएम भगवंत मान ने इस पर पीएम मोदी का आभार जताया है।
एक ट्वीट कर सीएम भगवंत मान ने लिखा- अंतत: हमारे प्रयास सफल रहे। हम पूरे पंजाब की ओर से चंडीगढ़ हवाई अड्डे का नाम शहीद भगत सिंह जी के नाम पर रखने के निर्णय का स्वागत करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दिल की गहराइयों से शुक्रिया। पंजाबियों की बड़ी मांग लंबे समय से पूरी हो रही है।
ਆਖ਼ਿਰਕਾਰ ਸਾਡੀਆਂ ਕੋਸ਼ਿਸ਼ਾਂ ਨੂੰ ਬੂਰ ਪਿਆ…ਚੰਡੀਗੜ੍ਹ ਹਵਾਈ ਅੱਡੇ ਦਾ ਨਾਮ ਸ਼ਹੀਦ ਭਗਤ ਸਿੰਘ ਜੀ ਦੇ ਨਾਮ ‘ਤੇ ਰੱਖਣ ਦੇ ਫ਼ੈਸਲੇ ਦਾ ਪੂਰੇ ਪੰਜਾਬ ਤਰਫੋਂ ਸਵਾਗਤ ਕਰਦੇ ਹਾਂ…ਪ੍ਰਧਾਨ ਮੰਤਰੀ @narendramodi ਜੀ ਦਾ ਤਹਿ ਦਿਲੋਂ ਧੰਨਵਾਦ…ਪੰਜਾਬੀਆਂ ਦੀ ਪਿਛਲੇ ਲੰਮੇ ਸਮੇਂ ਤੋਂ ਵੱਡੀ ਮੰਗ ਪੂਰੀ ਹੋਈ…— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) September 25, 2022
बता दें, चंडीगढ़ एयरपोर्ट के नाम को लेकर लंबे समय से पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ में विवाद रहा है। इसी वर्ष अगस्त माह में इस पर पंजाब व हरियाणा में सहमति बनी। एयरपोर्ट के पीछे किस सिटी (मोहाली, चंडीगढ़ व पंचकूला) का नाम रहेगा। इस पर भी विवाद रहा है।
यह भी पढ़ें: 28 सितंबर को शहीद भगत सिंह के नाम पर हो जाएगा चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम, पढ़ें कैसे सुलझा तीन राज्यों का विवादित मामला
चंडीगढ़ एयरपोर्ट में केंद्र सरकार की 51 फीसद हिस्सेदारी है, जबकि पंजाब व हरियाणा की 24.5-24.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है। बताया जा रहा है कि अब एयरपोर्ट के नाम के पीछे तीनों सिटी का नाम रहेगा।
पंजाब सरकार शुरू से ही एयरपोर्ट का नाम भगत सिंह के नाम पर रखे जाने के पक्ष में थी। इसके लिए 25 मार्च 2008 को पंजाब की विधानसभा में इसका नाम शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, मोहाली करने का गैर अधिकारिक प्रस्ताव भी पास किया गया था। पिछले दिनों पंजाब के सीएम भगवंत मान व हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के बीच हुई बैठक में इसका नाम भगत सिंह के नाम पर रखे जाने पर सहमति बनी थी।
वहीं, जननायक चौधरी देवीलाल जी की जयंती पर चंडीगढ़ एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर घोषित किए जाने पर हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है।