पूर्व सीएम बेअंत मर्डर केस के मुख्य गवाह को सुरक्षाकर्मियों ने पीटा
बेअंत सिंह हत्याकांड के मुख्य गवाह बलविंदर ने अपने सुरक्षाकर्मियों पर पिटाई का आरोप लगाया है। वहीं, सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि वह पर्सनल काम करा रहे थे।
जेएनएन, चंडीगढ़। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह मर्डर केस के मुख्य गवाह बलविंदर सिंह और उनके सुरक्षाकर्मियों के बीच मंगलवार सुबह मारपीट हो गई। बलविंदर ने सुरक्षा कर्मियों पर सुरक्षा में लापरवाही व मारपीट का आरोप लगाया। जबकि, सुरक्षाकर्मी ने बलविंदर पर अपने पर्सनल काम करवाने का दबाव व शराब के नशे में मारपीट करने की बात कही। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे पंजाब व हरियाणा सचिवालय के बाहर यह वारदात हुई।
बलविंदर ने बताया कि उसके दोनों बॉडीगार्ड उसकी सुरक्षा पर ध्यान नहीं देते हैं और उनके साथ कही जाते हैं तो लापरवाही दिखाते हैं। इसी बात को लेकर उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को मंगलवार सुबह फटकार लगाई तो दोनों ने उसे पीटा। सुरक्षाकर्मी सुनील ने बताया कि बलविंदर सिंह सुबह अपने बेटे के साथ उसके नयागांव स्थित घर जाने की बात कर रहा था। लेकिन, चंडीगढ़ से बाहर सुरक्षाकर्मियों को जाने की अनुमति नहीं है।
उनके मना करने के बाद बलविंदर सिंह ने उनके साथ शराब के नशे में मारपीट की। मामला बढ़ता देखकर उन्होंने सूचना अपने आलाधिकारियों को दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने किसी तरह से मामला शांत करवाया। बलविंदर सिंह का जीएमएसएच-16 में मेडिकल करवाया गया है।
पहले भी हुआ है विवाद
मुख्य गवाह बलविंदर सिंह अपने ही सुरक्षाकर्मियों पर पहले भी आरोप लगा चुके हैं। 21 सितंबर 2017 की शाम बलविंदर सिंह का अपने ही सुरक्षा कर्मियों के साथ विवाद हुआ था। इस दौरान बलविंदर ने आरोप लगाया था कि परिवार से उनका विवाद चल रहा है। परिवार की तरफ से उन पर हमला किया गया, लेकिन सुरक्षाकर्मी मूकदर्शक बनकर देखते रहे। इस लापरवाही की उन्होंने लिखित शिकायत चंडीगढ़ एसएसपी को दी थी।
यह भी पढ़ेंः किन्नर चला रहा था जिस्मफरोशी का अड्डा, घर से तीन लड़कियां बरामद