रिश्वतखोरी केस में नामजद ASI दूसरी बार 10 हजार लेते गिरफ्तार Chandigarh News
आरोपित हरजीत सिंह के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के फ्लाइंग स्क्वॉयड थाना मोहाली में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मोहाली, जेएनएन। विजिलेंस मोहाली की टीम ने सोमवार को एक एएसआइ को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान हरजीत सिंह के तौर पर हुई है जोकि थाना सिटी खरड़ में तैनात था। इससे पहले भी इसी एएसआइ के खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज है। आरोपित हरजीत सिंह के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के फ्लाइंग स्क्वॉयड थाना मोहाली में भ्रष्टाचार रोकथाम कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपित को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि एएसआइ हरजीत सिंह को शिकायतकर्ता दविंदर सिंह निवासी गांव पड़ोल मोहाली की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने शिकायत में कहा था कि उसके द्वारा दर्ज करवाए पुलिस केस में आरोपितों की अदालत में जमानत होने से रोकने व केस की अच्छी तरह पैरवी करने के बदले में उससे 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। आरोपित को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में 10 हजार लेते गिरफ्तार किया गया है। एएसआइ हरजीत सिंह के खिलाफ वर्ष 2015 में भी 10 हजार रुपये रिश्वत लेने के मामले में जिला मोगा में मामला दर्ज हुआ था।
240 बोतल शराब के साथ दो गिरफ्तार
मोहाली फेज-11 थाना पुलिस ने दो व्यक्तियों को 240 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान नायब सिंह व मलकीत सिंह निवासी गांव फतेहपुरी जिला फतेहाबाद हरियाणा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ फेज-11 थाना पुलिस स्टेशन में एक्साइज एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। एएसआइ सतिंदरपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने फेज-10 पुरानी चुंगी के पास नाकाबंदी के दौरान रात करीब साढ़े नौ बजे के करीब एचआर नंबर सफेद रंग की एक स्विफ्ट गाड़ी को रोका। तलाशी के दौरान डिग्गी से सौंफी देसी चंडीगढ़ मार्का की 240 बोतल शराब की बरामद हुई।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें