आशा कुमारी ने Cabinet में Navjot Sidhu की वापसी की चर्चाओं पर लगाया विराम, कहा- कोई संभावना नहीं
कांग्रेस की पंजाब प्रभारी आशा कुमारी ने Navjot Singh Sidhu की Punjab cabinet में वापसी की चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। कहा कि कैबिनेट में सिद्धू की वापसी की संभावना नहीं है।
जेएनएन, चंडीगढ़। नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) की पंजाब कैबिनेट (Punjab cabinet) में वापसी की चर्चाओं पर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी आशा कुमारी ने विराम लगा दिया है। उनका कहना है कि फिलहाल ऐसी कोई भी बात उनकी जानकारी में नहीं है और पार्टी स्तर पर भी ऐसी कोई चर्चा नहीं है। उन्होंने कैबिनेट में सिद्धू की वापसी की चर्चाओं को चर्चा ही बताया है।
कुछ दिनों से राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि सिद्धू पंजाब कैबिनेट में वापसी कर सकते हैैं। वह पार्टी हाईकमान से उप मुख्यमंत्री पद की मांग कर रहे हैं। इस तरह की चर्चाएं उस समय आम हुईं जब कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा ने पिछले दिनों कहा कि सिद्धू को कैबिनेट में होना चाहिए। सिद्धू की कांग्रेस पार्टी में एंट्री प्रियंका के माध्यम से ही हुई है, इसलिए यह कयास लगाए जाने लगे कि उनकी पंजाब कैबिनेट में वापसी की राह बनने लगी है।
प्रियंका के बयान के बाद यह चर्चा होने लगी थी कि सिद्धू जल्द ही कैप्टन मंत्रिमंडल में एक बार फिर पॉवरफुल मंत्री के रूप में आ सकते हैं। उनके उपमुख्यमंत्री बनने की चर्चाएं थी, लेकिन फिलहाल इन चर्चाओं पर आशा कुमारी ने विराम लगा दिया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि सिद्धू की पुन: कैबिनेट में वापसी इतनी आसान नहीं होगी। उन्होंने जिस प्रकार से मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ बयान दागे और दोनों के बीच संबंधों में जो कड़वाहट है उस स्थिति में सिद्धू की वापसी की संभावना फिलहाल नहीं है।
दूसरी तरफ यह भी माना जा रहा है कि अगर राहुल गांधी पुन: राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालते हैं तो यह मुमकिन हो सकता है, क्योंकि सिद्धू राहुल की पसंद हैं। उल्लेखनीय है कि बीते लोकसभा चुनाव में सिद्धू ने कैप्टन पर ही निशाना साधा था। चुनाव नतीजे आने के बाद कैप्टन ने सिद्धू से स्थानीय निकाय विभाग लेकर ऊर्जा विभाग दे दिया था। इससे नाराज सिद्धू ने काफी दिनों तक विभाग का कार्यभार नहीं संभाला और कैबिनेट मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें