समझौते की कोशिशों के बीच बोले खैहरा- मुझसे बैर रखते हैं केजरी, मेरी लोकप्रियता नहीं सहन
पंजाब अाप में विवाद समाप्त करने की कोशिशों के बीच बागी नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल उनसे निजी बैर रखते हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़/कपूरथला। पंजाब में आम आदमी पार्टी में विवाद को समाप्त करने की कोशिशें हो रही हैं और इसी के मद्देनजर आज अरविंद केजरीवाल व मनीष सिसोदिया पंजाब आ रहे हैं। पंजाब में आप विधायक दल क के नए नेता हरपाल सिंह चीमा ने कहा है कि सुखपाल सिंह खैहरा से बातचीत कर समझौते का प्रयास किया जा रहा है। इस सबके बीच बागी नेता खैहरा ने केजरीवाल पर कड़ा हमला कर अलग ही संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल बैर रखते हैं और मेरी लोकप्रियता उनकाे सहन नहीं है।
मेरी मां के भोग पर आना तो दूर, केजरीवाल ने फोन तक नहीं किया था: खैहरा
भुलत्थ में वर्करों के साथ हुई बैठक में खैहरा ने कहा कि केजरीवाल महलकलां के विधायक के पिता के भोग में आ रहे हैं। जब उनकी माता का निधन हुुआ था, तो केजरीवाल ने भोग पर आना दूर फोन करके अफसोस भी नहीं जताया था। केजरीवाल निजी तौर पर उनसे बैर रखते हैं। किसी विधायक के पिता के भोग पर मैं कोई राजनीति नहीं करना चाहता।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान जाकर नवजोत सिंह सिद्धू को याद आए अटल, जानिए- क्या कहा
खैहरा ने कहा कि पार्टी की ओर से केजरीवाल के पंजाब आने के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं दी है। नेता विपक्ष के तौर पर उन्होंने पंजाब के मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाया था। केजरीवाल को पंजाब में उनकी लोकप्रियता सहन नहीं हो रही थी। विधानसभा चुनाव के समय भी पंजाब का मुख्यमंत्री होने की वकालत करने की सजा उन्हें नेता विपक्ष के पद से हटाकर दी गई है। खैहरा ने यह भी कहा कि अगला विधानसभा चुनाव भी वह भुलत्थ से ही लड़ेंगे।
खैहरा के साथ समझौते के लिए बातचीत जारी: चीमा
आम आदमी पार्टी के विधायक व नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा ने कहा है कि पार्टी में गुटबाजी खत्म करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सुखपाल सिंह खैहरा के साथ भी बातचीत जारी है। विधानसभा के सत्र तक हम एकजुट होकर कांग्रेस को विभिन्न मुद्दों पर घेरेंगे। उन्होंने मांग की है कि धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी और बहिबलकलां गोली कांड की जांच के लिए गठित जस्टिस रणजीत सिंह कमीशन की रिपोर्ट पर बहस के लिए विधानसभा सत्र रखा जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर आरोप लगाया कि वह बादलों को बचा रहे हैं। उन्होंने जांच सीबीआइ को सौंपने के सरकार के फैसले का विरोध किया है।
यह भी पढ़ें: सिद्धू के पाक दौरे पर कांग्रेस व भाजपा में जंग, गुरु खुद को बता रहे 'शांतिदूत'
उन्होंने कहा कि बागी सुखपाल सिंह खैहरा गुट से बातचीत के लिए पार्टी की तरफ से अमन अरोड़ा की ड्यूटी लगाई गई है। अमन अरोड़ा व खैहरा के बीच बातचीत चल रही है। हम विधानसभा सत्र के शुरू होने से पहले ही आपसी फूट को खत्म करके एक साथ कांग्रेस को घेरेंगे।
-------
केजरीवाल ने पंजाब में खुद डाला आप का भोग : छोटेपुर
कलानौर (गुरदासपुर): डेरा बाबा नानक के गांव वडाला बांगर में अपना पंजाब पार्टी के प्रधान सुच्चा सिंह छोटेपुर ने कहा कि केजरीवाल ने पंजाब में पार्टी का भोग खुद डाला है। आने वाले समय में पंजाब में तीसरा फ्रंट बनाया जाएगा। पंजाब की भलाई के लिए अगर जरूरत हुई तो खैहरा को भी साथ लेंगे। पंजाब के आप नेता उनके साथ हुई बेइंसाफी के समय एक साथ खड़े होते तो आज ये दिन नहीं देखने पड़ते। छोटेपुर ने कहा कि वह आने वाले दिनों में गुरदासपुर में बड़ी कांफ्रेंस भी करेंगे। आप को वर्करों ने दिन रात मेहनत कर फर्श से अर्श तक पहुंचाया था। केजरीवाल के अहंकार ने गलत सोच से खुद पार्टी को बर्बाद किया।
----
केजरीवाल,सिसोदिया आज बरनाला में, सुनाम में भी होगी बैठक
बरनाला: महलकलां हलके से आप विधायक कुलवंत ङ्क्षसह पंडोरी के पिता काका सिंह के भोग में शामिल होने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आज बरनाला पहुचेंगे। नेता विपक्ष हरपालसिंह चीमा, सांसद भगवंत मान और पार्टी के विधायक भी इसमें शामिल होंगे। केजरीवाल और सिसोदिया पहले 11 बजे संगरूर पहुंचेंगे फिर कार से बरनाला से विधायक गुरमीत सिंह मीत हेयर के घर पहुंचेंगे। यहां कुछ देर चर्चा के बाद गांव पंडोरी में आप विधायक के पिता के श्रद्धाजंलि समारोह में शामिल होंगे।
बरनाला रवाना होने से पहले केजरीवाल और सिसोदिया विधायक अमन अरोड़ा के निवास स्थान पर भी कुछ देर के लिए मंथन करेंगे। अरोड़ा ने कहा कि दो दिन पहले उन्होंने चंडीगढ में विधायक खैहरा व संधू से मुलाकात कर एकजुट होने का आह्वान किया है।