अरुण सूद बने भाजपा के नए अध्यक्ष, घोषणा आज
नए अध्यक्ष बन गए हैं। उनके खिलाफ कोई अन्य नामांकन नहीं आया है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : अरुण सूद भाजपा के नए अध्यक्ष बन गए हैं। उनके खिलाफ कोई अन्य नामांकन नहीं आया है। लेकिन अध्यक्ष पद के तौर पर उनकी विधिवत घोषणा शुक्रवार दोपहर 12 बजे की जाएगी। पूर्व मेयर अरुण सूद ने वीरवार शाम चार बजे पार्टी कार्यालय पहुंचकर नामांकन के चार सेट भरे। जिसमें 39 डेलीगेट्स के हस्ताक्षर थे। चुनाव करवाने के लिए हाईकमान की ओर से राष्ट्रीय सचिव वाए सत्य कुमार को भेजा गया। नए अध्यक्ष की शुक्रवार को घोषणा करने के लिए हरियाणा सीएम मनोहर लाल खट्टर आएंगे। नए अध्यक्ष के साथ-साथ राष्ट्रीय परिषद का सदस्य संजय टंडन को चुना जाएगा। नामांकन के बाद लगे जय श्रीराम के नारे
नामांकन पत्र भरने के समय अरुण सूद के साथ वर्तमान अध्यक्ष संजय टंडन, मेयर राजबाला मलिक, पूर्व मेयर आशा जसवाल, महासचिव चंद्रशेखर, प्रेम कौशिक सहित अन्य नेता भी शामिल रहे। नामांकन के बाद कार्यकर्ताओं ने जयश्री राम के जयकारे भी लगाए। संजय टंडन के समर्थन में भी नारे लगाए गए। शुक्रवार को संजय टंडन नवनियुक्त अध्यक्ष को पार्टी कार्यालय का सारा रिकॉर्ड सौंपेंगे। नामांकन भरने से पहले सूद ने पूर्व मेयर आशा जसवाल के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। नामांकन के बाद अरुण सूद ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रीय सचिव ने बताया कि शुक्रवार सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन पत्र की चेकिंग की जाएगी। चेक करेंगे कि नामांकन पत्र में जो डेलीगेट्स के हस्ताक्षर हुए हैं, वह उनके ही हैं कि नहीं। उसके बाद 12 बजे तक नए अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी। 50 बार रक्तदान कर चुके हैं सूद
अरुण सूद रेगुलर रक्तदाता हैं। वे अभी तक 50 बार रक्तदान कर चुके हैं। इसके साथ ही सूद राष्ट्रीय एयर राइफल शूटिग प्रतियोगिता में दूसरा स्थान भी हासिल कर चुके हैं। मेयर रहते हुए सूद को पीएम नरेंद्र मोदी ने चंडीगढ़ को खुले में शौचमुक्त बनाने का अवॉर्ड भी दिया था। सूद के कार्यकाल में ही स्वच्छता सर्वेक्षण में चंडीगढ़ को दूसरे नंबर की रैंकिग मिली थी। शहर में जो कजौली वाटर वर्क्स के चौथे और पांचवें फेज से 29 एमजीडी अतिरिक्त पानी मिल रहा है, इस फेज का निर्माण कार्य सूद के मेयर कार्यकाल में ही शुरू हुआ था। दो जिला अध्यक्षों को नियुक्त करेंगे नए अध्यक्ष
अभी तक भाजपा के पांच में से तीन जिला अध्यक्षों का चुनाव हो चुका है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद बाकी बचे दो जिला अध्यक्षों को मनोनीत करेंगे। संविधान में प्रदेश अध्यक्ष के पास मनोनीत करने का अधिकार है। जबकि प्रदेश कार्यकारिणी का भी सूद गठन करेंगे। चुनाव अधिकारी प्रेम कौशिक ने बताया कि चंडीगढ़ भाजपा की 426 बूथ समितियां हैं। 24 में से 20 मंडल अध्यक्षों का चुनाव पहले सर्वसम्मति से हो चुका है। देवेश मोदगिल ने नहीं किए सूद के नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर
अरुण सूद ने वीरवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के लिए चार सेट भरे हैं। इस चुनाव के लिए सांसद को मिलाकर कुल 41 डेलीगेट्स हैं। जिनमें से सूद 39 डेलीगेट्स के हस्ताक्षर करवाने में कामयाब रहे। हर सेट पर दस-दस डेलीगेट्स के हस्ताक्षर हैं। लेकिन पूर्व मेयर देवेश मोदगिल ने सूद के नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर नहीं किए। 41 में से 20 पार्षद डेलीगेट्स हैं। मालूम हो कि अध्यक्ष पद की दौड़ में देवेश मोदगिल भी शामिल थे। राजनीति में सूद और मोदगिल की आपस में नहीं बनती है।