विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोटकपूरा गोलीकांड में सस्पेंड रहे पंजाब के पूर्व ADGP उमरानंगल के बेटे के खिलाफ चार्जशीट, कैफे में की थी फायरिंग

By Ravi Atwal Edited By: Sohan Lal
Published: Fri, 23 Oct 2026 07:23 PM (IST)

चंडीगढ़ पुलिस ने विलो कैफे फायरिंग मामले में अंगद सुखराज सिंह धालीवाल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस मामले में 30 अक्टूबर से सुनवाई शुरू होगी।

सेक्टर-10 के चर्चित विलो कैफे फायरिंग मामले में चार्जशीट दाखिल। (सांकेतिक फोटो)

सेक्टर-10 के चर्चित विलो कैफे फायरिंग मामले में चार्जशीट दाखिल। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. चंडीगढ़ सेक्टर-10 में विलो कैफे फायरिंग केस।

  2. जिला अदालत में 30 अक्टूबर से सुनवाई शुरू।

  3. केस में चंडीगढ़ पुलिस पर भी उठे थे सवाल।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-10 के चर्चित विलो कैफे फायरिंग मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने जिला अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस केस में पंजाब के रिटायर्ड एडीजीपी परमराज सिंह उमरानंगल (जोकि कोटकपूरा गोलीकांड में सस्पेंड रहे थे) के बेटे अंगद सुखराज सिंह धालीवाल का नाम है।

अंगद के खिलाफ 30 अक्टूबर से भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 61(2), 249(सी), 238 (सी) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत केस चलेगा। यह घटना 16 फरवरी 2025 की है जब सेक्टर-10 के विलो कैफे की छत पर फायरिंग हुई थी।

आरोपित ने हवा में गोली चला दी थी। कैफे के सीसीटीवी फुटेज में आरोपित अंगद को हथियार निकालते और फायर करते हुए देखा गया था।
घटना के बाद सेक्टर-3 थाना पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। हालांकि वह वारदात के बाद दुबई चला गया था।

आरोपित के देश से जाने को लेकर चंडीगढ़ पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे थे। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया था और उसे भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।

हालांकि, पांच महीने बाद आरोपित भारत लौटकर जांच में शामिल हो गया था। अब करीब एक साल जांच के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ जिला अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी।

करीब 5 साल रहे थे निलंबित

अक्टूबर 2015 में कोटकपूरा गोली कांड के बाद आईजी परमराज सिंह उमरानंगल को निलंबित कर दिया गया था। वह करीब पांच वर्षों तक सस्पेंड रहे।

फरवरी 2024 में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने आईजीपी परमराज सिंह उमरानंगल के तीन सस्पेंशन ऑर्डरों को रद कर दिया है। उमरानंगल के तीन निलंबन के आदेश वर्ष 2019, 2020 और 2021 में जारी किए गए थे। उमरानंगल दिसंबर 2025 में एडीजीपी पद से सेवानिवृत्त हुए थे।