आंध्र प्रदेश से चंडीगढ़ आया पुलिस इंस्पेक्टर, बस स्टाॅप पर झपकी लेते ही 3.20 लाख की चेन-मोबाइल फोन गायब
चंडीगढ़ में प्रशिक्षण के लिए आए आंध्र प्रदेश पुलिस के एक इंस्पेक्टर को बस स्टॉप पर झपकी लेना महंगा पड़ ...और पढ़ें

आंध्र प्रदेश से आए पुलिस इंस्पेक्टर के साथ सेक्टर-21ए/22 स्थित बस स्टाॅप हुई वारदात। (एआई जनरेटेड फाटो)
HighLights
सीडीटीआई में पुलिस प्रशिक्षण के लिए आए थे।
सेक्टर-21ए/22 स्थित बस स्टाॅप पर वारदात।
चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-21ए/22 स्थित बस स्टाॅप पर आंध्र प्रदेश पुलिस के एक इंस्पेक्टर को झपकी लेना महंगा पड़ गया। रात में बस का इंतजार करते समय नींद लगने पर किसी ने उनके गले से 19.30 ग्राम सोने की चेन और जेब से मोबाइल फोन चोरी कर लिया। चोरी हुए सामान की कीमत करीब 3.20 लाख रुपये बताई गई है।
46 वर्षीय इंस्पेक्टर एल. सतीश कुमार तेलंगाना के शमशाबाद के रहने वाले हैं। वह चंडीगढ़ के सीडीटीआई में पुलिस प्रशिक्षण के लिए आए थे। रात को सेक्टर-21ए/22 स्थित जग्गा कमर्शियल काॅम्प्लेक्स के चिल एन बाइट रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे।
खाना खाने के बाद वह प्रशिक्षण केंद्र जाने के लिए बस या आटो का इंतजार करने रेस्टोरेंट के सामने बस स्टैंड पर पहुंच गए। इंस्पेक्टर ने पुलिस को बताया कि रात करीब 12:10 बजे से दो बजे के बीच बस स्टैंड पर बैठे-बैठे उन्हें हल्की नींद आ गई।
इसी दौरान किसी ने उनके गले से 19.30 ग्राम सोने की चेन निकाल ली। इसके अलावा जेब से करीब 20 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी चोरी कर लिया गया। घटना का पता चलने के बाद इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने 112 पर शिकायत दी।
उन्होंने पुलिस से चोरी हुए सामान की बरामदगी और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, उनकी शिकायत पर सेक्टर-17 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
