टाईसिटी में होगी ऐसी रामलीला, जहां राम-रावण से लेकर हर किरदार निभाएंगी महिला
जीरकपुर के चिराग होम्स में लगातार पांचवें वर्ष महिलाओं द्वारा श्रीरामलीला का मंचन किया जाएगा। इसमें सभी प्रमुख किरदार महिलाएं ...और पढ़ें

कारोबारी, कामकाजी और घरेलू महिलाएं निभाएंगी रामलीला में किरदार। फोटो: उपेंद्र सेन गुप्ता
HighLights
जीरकपुर में पांचवीं बार महिलाओं द्वारा श्रीरामलीला मंचन।
ट्राईसिटी में अपनी तरह का एकमात्र ऐसा रामलीला मंचन।
यह मंचन महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता का संदेश।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। महिला सशक्तिकरण और महिला-पुरुष के बीच समानता का संदेश देने के लिए जीरकपुर के चिराग होम्स में लगातार पांचवें वर्ष महिलाओं की ओर से श्रीरामलीला का मंचन किया जाएगा।
11 से 20 अक्टूबर तक होने वाली इस रामलीला में भगवान श्रीराम से लेकर रावण और हनुमान तक सभी प्रमुख किरदार महिलाओं की ओर से निभाए जाएंगे। गौरतलब है कि ट्राईसिटी में यह अपनी तरह का एकमात्र ऐसा रामलीला मंचन है, जिसमें महिलाएं ही सभी प्रमुख पात्रों का अभिनय करती हैं।
इस संबंध में मंगलवार को प्रेस क्लब सेक्टर-27 में आयोजित प्रेस वार्ता में समाजसेवी और आयोजक एकता नागपाल ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से महिलाओं का यह समूह श्रीरामलीला के माध्यम से समाज में समानता और महिला सशक्तिकरण का संदेश दे रहा है।
समूह में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाएं शामिल हैं। इनमें कारोबारी, कामकाजी और घरेलू महिलाएं भी हैं, जो अपनी जिम्मेदारियों के साथ समय निकालकर रामलीला की तैयारियों और मंचन में भाग लेती हैं।
एकता नागपाल ने बताया कि रामलीला में महिलाओं को केवल महिला पात्रों तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि वे भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, रावण, हनुमान सहित अन्य प्रमुख पात्रों का भी अभिनय करती हैं। इसका उद्देश्य यह संदेश देना है कि प्रतिभा और क्षमता का किसी लिंग से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में इस महिला रामलीला समूह ने जीरकपुर से आगे बढ़कर पंचकूला के इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में भी श्रीरामलीला का मंचन किया था। इस बार चिराग होम्स, जीरकपुर में होने वाले मंचन को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ समाज में महिला सशक्तिकरण और समानता का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
