अजमीत सिंह हत्याकांड में पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी, वांटेड आरोपी गुरलाल सिंह हरियाणा से गिरफ्तार
पंजाब पुलिस की एजीटीएफ ने हरियाणा एसटीएफ के साथ मिलकर अजमीत सिंह हत्याकांड के वांछित आरोपी गुरलाल सिंह को नूंह, हरियाणा से गिरफ्तार किया है।

हरियाणा के नूंह से गिरफ्तार हुआ आरोपी (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
अजमीत सिंह हत्याकांड का वांछित आरोपी गुरलाल सिंह गिरफ्तार
पंजाब AGTF और हरियाणा STF ने नूंह से दबोचा
विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर हुई थी हत्या
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के तरनतारन जिले के नौशहरा पन्नुआं में सितंबर 2026 में हुए अजमीत सिंह हत्याकांड में वांछित आरोपी गुरलाल सिंह को पंजाब पुलिस की एंटी गैंग्स्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने हरियाणा एसटीएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने यह जानकारी दी। आरोपी को हरियाणा के नूंह जिले से गिरफ्तार किया गया है।
डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, पुलिस ने विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर दोनों राज्यों की एजेंसियों के बीच समन्वय बनाकर यह कार्रवाई की।
इस मामले में इससे पहले एजीटीएफ पंजाब ने तरनतारन पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन के दौरान आरोपी साजनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया था। गुरलाल सिंह की गिरफ्तारी के साथ पुलिस को मामले की जांच में आगे बढ़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।
विदेश में बैठे गैंग्स्टरों के इशारे पर हत्या
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अजमीत सिंह की हत्या कथित तौर पर विदेश में बैठे भगोड़े गैंग्स्टर प्रभ दासूवाल और डोनी बल के इशारे पर की गई थी। पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे गैंग्स्टरों के बीच आपसी रंजिश होने की आशंका है। हालांकि, मामले से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि के लिए जांच जारी है।
पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश करने का दावा
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पुलिस ने इस वारदात से जुड़े पूरे मॉड्यूल का पर्दाफाश कर दिया है। अब जांच का फोकस इस नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाने पर है। पुलिस यह स्थापित करने में जुटी है कि वारदात से पहले और बाद में आरोपियों के संपर्क किन लोगों से थे तथा इस हत्याकांड में गैंग्स्टर नेटवर्क की भूमिका किस स्तर तक थी।
पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में सक्रिय गैंग्स्टर नेटवर्क को खत्म करने, अपराधियों को कानून के कटघरे में लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।
