विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आईपैड खोलेगा पंजाब के बर्खास्त AIG हुंदल के राज, ANTF कराएगी फॉरेंसिक जांच; 22 अक्तूबर को अगली पेशी

Published: Thu, 08 Oct 2026 07:13 PM (IST)

बर्खास्त एआईजी राजजीत सिंह हुंदल की ड्रग्स मामले में भूमिका की जांच अब इलेक्ट्रॉनिक डेटा और वित्तीय रिकॉर्ड तक पहुंच ...और पढ़ें

बर्खास्त एआईजी राजजीत सिंह हुंदल की भूमिका की जांच चल रही।

बर्खास्त एआईजी राजजीत सिंह हुंदल की भूमिका की जांच चल रही।

HighLights

  1. हुंदल के आईपैड की फॉरेंसिक जांच से अहम सुराग मिलने की उम्मीद।

  2. एएनटीएफ ने हुंदल के लॉकर को सील करने की अनुमति मांगी।

  3. बर्खास्त एआईजी की 22 अक्टूबर को दोबारा कोर्ट में पेशी होगी।

जागरण संवाददाता, मोहाली। ड्रग्स से जुड़े मामले में बर्खास्त एआईजी राजजीत सिंह हुंदल की भूमिका की जांच अब इलेक्ट्राॅनिक डाटा और वित्तीय रिकाॅर्ड तक पहुंच गई है। पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने वीरवार को हुंदल को मोहाली की विशेष अदालत में पेश किया।

सुनवाई के दौरान जांच टीम ने बताया कि पूछताछ के दौरान हुंदल का आईपैड कब्जे में लिया गया है। अब इस डिवाइस की फॉरेंसिक जांच करवाकर उसमें मौजूद डाटा खंगाला जाएगा। एएनटीएफ ने अदालत से हुंदल के लोकर को सील करने और उसकी तलाशी लेने की अनुमति भी मांगी।

जांच एजेंसी का कहना है कि लोकर से मामले से जुड़े दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण सामग्री मिलने की संभावना है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हुंदल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अब उसे 22 अक्तूबर को दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- ड्रग्स केस: पंजाब के पूर्व AIG राजजीत सिंह के वित्तीय नेटवर्क पर शिकंजा, बेनामी संपत्तियों की जांच में जुटी ANTF

अहम सुराग मिलने की उम्मीद

एएनटीएफ के मुताबिक हुंदल के इलेक्ट्रानिक उपकरणों से जांच में अहम सुराग मिल सकते हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञ आईपैड की जांच कर उसमें मौजूद डाटा को खंगालेंगे। इसमें मामले से जुड़े रिकार्ड, संपर्क और वित्तीय लेन-देन से संबंधित जानकारी मिलने की पड़ताल की जाएगी। जांच टीम यह भी पता लगाने में जुटी है कि डिवाइस में कौन-कौन सा डाटा मौजूद है।

लॉकर में दस्तावेज तलाशेगी टीम

पूछताछ के दौरान हुंदल से उसकी संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन को लेकर भी जानकारी जुटाई गई थी। इसी कड़ी में एएनटीएफ ने अदालत से उसके लॉकर को सील करने और उसकी तलाशी लेने की अनुमति मांगी है। टीम लोकर में रखे दस्तावेज और अन्य सामान की जांच करना चाहती है।

नए एनडीपीएस केस में हुई थी गिरफ्तारी

राजजीत सिंह हुंदल को नए एनडीपीएस मामले में मोहाली अदालत परिसर से ही गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले वर्ष 2017 की एफआईआर नंबर-1 से जुड़े मामले में भी एएनटीएफ की जांच में उसकी भूमिका सामने आई थी। पुराने मामले में पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद अब नए केस में जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

2017 की एफआईआर से शुरू हुई थी जांच

वर्ष 2017 में तत्कालीन इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान नशा तस्करों से कथित मिलीभगत सहित कई गंभीर आरोप सामने आए थे। राजजीत सिंह हुंदल की भूमिका की जांच के लिए हाईकोर्ट के आदेश पर तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की गई थी। वर्ष 2023 में पंजाब सरकार ने हुंदल को सेवा से बर्खास्त कर दिया था।