गमाडा के बाद TDI पर ED की बड़ी रेड, मोहाली में 15 सदस्यीय टीम सुबह से कर रही छापामारी
ईडी ने मोहाली के सेक्टर-119 स्थित टीडीआई इंफ्राटेक लिमिटेड के दफ्तर पर छापा मारा है। यह कार्रवाई रियल एस्टेट से जुड़े मामलों में चल रही व्यापक जांच का हिस्सा है।

गमाडा के बाद अब टीडीआई इंफ्राटेक के दफ्तर पहुंची ईडी, सुबह से 15 सदस्यीय टीम की जांच।
HighLights
ईडी ने मोहाली में टीडीआई इंफ्राटेक के दफ्तर पर छापा मारा
रियल एस्टेट मामलों में ईडी की जांच का दायरा बढ़ा
गमाडा और अन्य रियल एस्टेट कारोबारियों पर भी हुई थी कार्रवाई
रोहित कुमार, चंडीगढ़। रियल एस्टेट से जुड़े मामलों में एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) की जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। कुछ दिन पहले ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के दफ्तर में तीन दिन तक जांच के बाद अब ईडी की 15 सदस्यीय टीम ने सोमवार सुबह मोहाली के सेक्टर-119 स्थित टीडीआई इंफ्राटेक लिमिटेड के दफ्तर पर छापामारी की। टीम सुबह से ही कार्यालय में दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है। कंपनी के अधिकारियों से भी पूछताछ किए जाने की सूचना है।
ईडी की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब एजेंसी की टीमें पिछले दिनों मोहाली और आसपास के इलाकों में रियल एस्टेट से जुड़े मामलों में लगातार जांच कर रही हैं।
इससे पहले ईडी की टीमों ने गमाडा के कार्यालय में करीब तीन दिन तक जांच की थी। इस दौरान जमीन से जुड़े रिकॉर्ड, चेंज ऑफ लैंड यूज (सीएलयू), परियोजनाओं को मिली मंजूरियों और संबंधित वित्तीय दस्तावेजों की जांच की गई थी।
इसके अलावा ईडी की पिछली कार्रवाई के दौरान रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े लोगों और उनके परिसरों पर भी जांच की गई थी। एजेंसी ने संबंधित कारोबारियों के कार्यालयों और आवासीय परिसरों से दस्तावेज जुटाए थे।
ईडी ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री के भांजे के घर पर भी कार्रवाई की थी, जिसकी जांच को रियल एस्टेट से जुड़े मामलों की कड़ी में देखा गया था।
अब टीडीआई इंफ्राटेक के कार्यालय पर हुई कार्रवाई से जांच के और आगे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। हालांकि, ईडी ने अभी तक इस कार्रवाई के संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
ऐसे में छापामारी का सटीक कारण और किन विशेष दस्तावेजों अथवा लेनदेन की जांच की जा रही है, यह ईडी की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
