टाटा स्टील पीजीटीआइ प्लेयर्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बावजूद खिताब से चूके आदिल बेदी
19 साल के आदिल बेदी ने अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। आदिल ने अपने 14 साल के करियर में 176 टाइटल हासिल किए हैं। साल 2018 से वह बतौर प्रोफेशनल गोल्फर खेल रहे हैं।
चंडीगढ़, विकास शर्मा। पंचकूला गोल्फ कोर्स में आयोजित टाटा स्टील पीजीटीआइ प्लेयर्स चैंपियन में शहर के युवा गोल्फर आदिल बेदी एक बार फिर खिताब से चूक गए हैं। टूर्नामेंट के तीसरे दिन तक छठे स्थान पर चल रहे, आदिल बेदी चौथे दिन स्कोरबोर्ड पर संयुक्त रूप से 12वें स्थान पर रहे। इस टूर्नामेंट में देशभर के नामी प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे थे।
बावजूद इसके 19 साल के आदिल बेदी ने अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। 19 साल के आदिल ने अपने 14 साल के करियर में 176 टाइटल हासिल किए हैं। साल 2018 से वह बतौर प्रोफेशनल गोल्फर खेल रहे हैं। साल 2017 में सबसे बड़े स्पोर्ट्स स्टार विराट कोहली की फाउंडेशन ने देश के 7 यंग स्पोर्ट्स स्टार्स को इंडियन स्पोर्ट्स ऑनर अवॉर्ड के लिए चुना, इसमें आदिल का भी नाम था।
18वीं एशियन गेम्स में आदिल ने किया 13वां स्थान हासिल
जकार्ता में आयोजित 18वीं एशियन गेम्स में अपनी शानदार शुरूआत से आदिल बेदी ने खूब सुर्खियां बटोरी थी। इस बड़ी प्रतियोगिता में 13 वीं पोजीशन हासिल की, जबकि पहले और दूसरे दिन की प्रतियोगिता में वह टॉप थ्री पोजीशन पर चल रहे थे। गोल्फ में रूचि रखने वाले खेलप्रेमी इससे खासे निराश हुए थे। बावजूद इसके आदिल बेदी ने हार नहीं मानी और वह लगातार अपने खेल में सुधार करते गए।
विराट कोहली फाउंडेशन करती है आदिल बेदी को सपोर्ट
आदिल बेदी गोल्फ के गुर लीविंग लीजेंड जीव मिल्खा सिंह से लेते हैं। फिटनेस की ट्रेनिंग कोच कोच सागर दीवान से लेते हैं। सागर पंजाब रणजी टीम के साथ काम करते हैं और उनके साथ वे फ्लेक्सिब्लिटी, स्ट्रेंथ, एंड्यूरेंस आदि पर काम करते हैं। विराट कोहली फाउंडेशन भी आदिल को सपोर्ट करती है।