एडिशनल डिस्ट्रिक्ट अटार्नी मनजिंदर सिंह बने जज
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : जिला अदालत की सीजेएम कोर्ट में बतौर एडिशनल डिस्ट्रिक अटार्नी (एडीए) कार्यरत मनजिंदर सिंह पंजाब सिविल सेवा (न्यायिक) की परीक्षा पास कर जेएमआइसी बन गए हैं।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : जिला अदालत की सीजेएम कोर्ट में बतौर एडिशनल डिस्ट्रिक अटार्नी (एडीए) कार्यरत मनजिंदर सिंह पंजाब सिविल सेवा (न्यायिक) की परीक्षा पास कर जेएमआइसी बन गए हैं। मनजिंदर सिंह ने तीसरे प्रयास में यह सफलता हासिल की है। जज बनने के बाद अब वह एक साल की ट्रेनिंग के लिए जाएंगे। खरड़ निवासी मनजिंदर सिंह जनवरी 2016 को यूटी में सीजेएम कोर्ट में बतौर एडीए तैनात हुए थे। वर्तमान में वह इसी पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले वह दो बार पीसीएस (न्यायिक) का इंटरव्यू दे चुके हैं। वहीं दो बार वह एचसीएस (न्यायिक) के भी इंटरव्यू तक पहुंच चुके हैं। वह इससे पहले जुलाई 2013 से जनवरी 2015 तक एसबीआइ में बतौर लॉ आफिसर अहमदाबाद में भी कार्यरत रह चुके हैं। इसके बाद जनवरी 2015 से जनवरी 2016 तक लुधियाना में बतौर एडीए कार्यरत रह चुके हैं। रयात बहारा लॉ कॉलेज से मास्टर्स ऑफ लॉ करने वाले मनजिंदर की पत्नी भी पंजाब सरकार में कार्यरत हैं। वहीं उनके पिता भी खरड़ कोर्ट में बतौर एडवोकेट प्रैक्टिस करते हैं। इस सफलता पर मनजिंदर सिंह ने कहा कि वह पिछले करीब 8 साल से इस परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इससे पहले वह हर बार इंटरव्यू तक पहुंचे, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बार आखिरकार उन्हें उनकी मेहनत का परिणाम मिल ही गया। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय परिजनों, सीनियर एडवोकेट्स को दिया है।