विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्या चंडीगढ़ में पार्किंग होंगी फ्री? निगम बैठक में मुद्दा उठाएगी AAP; प्रशासन की मंजूरी के लिए बनाएगी दबाव

Published: Mon, 21 Sep 2026 06:58 PM (IST)

आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ नगर निगम सदन में एक बार फिर मुफ्त पार्किंग का मुद्दा उठाएगी। पार्टी मुफ्त पार्किंग के प्रस्ताव को लागू करने का दबाव बनाएगी।

आम आदमी पार्टी की प्री-हाउस बैठक मे लिया गया निर्णय।

आम आदमी पार्टी की प्री-हाउस बैठक मे लिया गया निर्णय।

HighLights

  1. नगर निगम की जनरल हाउस बैठक में मुद्दा उठाएगी आप।

  2. मुफ्त पार्किंग प्रस्ताव की मंजूरी के लिए दबाव बनाएगी।

  3. सदन में नए सशुल्क पार्किंग प्रस्ताव पर भी होगी चर्चा।

जागरण संवाददाता चंडीगढ़। शहर में पार्किंग शुल्क खत्म करने का मुद्दा आम आदमी पार्टी (आप) एक बार फिर नगर निगम सदन में उठाएगी। सोमवार को हुई आप की प्री-हाउस बैठक में फैसला लिया गया कि मंगलवार को होने वाली नगर निगम की जनरल हाउस बैठक में फ्री पार्किंग का प्रस्ताव प्रमुखता से उठाया जाएगा।

आप के अनुसार, मेयर कुलदीप कुमार धलोर के नेतृत्व में नगर निगम सदन में शहर की मार्केट पार्किंग को निशुल्क करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। हालांकि, बाद में यूटी प्रशासन की ओर से इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी गई। पार्टी अब एक बार फिर इस मुद्दे को सदन में उठाकर शहरवासियों को पार्किंग शुल्क से राहत देने की मांग करेगी।

पार्किंग का शुल्क का प्रस्ताव भी एजेंडे में

आप का फ्री पार्किंग का मुद्दा ऐसे समय में सदन में उठेगा, जब 22 सितंबर की बैठक में सेक्टर-17 की 20 पेड पार्किंग साइट के लिए संशोधित पार्किंग शुल्क का प्रस्ताव भी रखा जाना है।

प्रस्ताव के अनुसार दोपहिया वाहनों के लिए 10 रुपये और कार व तीन पहिया वाहनों के लिए 20 रुपये तक शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव है। ऐसे में आप इस प्रस्ताव के साथ फ्री पार्किंग के पुराने फैसले को लागू करने की मांग भी सदन में रखेगी।

जनहित के अन्य मुद्दों पर भी चर्चा

प्री-हाउस बैठक में आगामी जनरल हाउस बैठक में उठाए जाने वाले विभिन्न जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की गई। बैठक में आप चंडीगढ़ की कोर कमेटी के चेयरमैन प्रेम गर्ग, नेता प्रतिपक्ष हरदीप सिंह बुटेरला, पूर्व मेयर कुलदीप कुमार धलोर, मुख्य प्रवक्ता योगेश ढींगरा, जसबीर सिंह लड्डी, जसविंदर कौर, ग्रामीण विंग प्रधान जगपाल जग्गा और ऑब्जर्वर विनीत वर्मा मौजूद रहे।

पार्टी ने कहा कि 22 सितंबर की सदन की बैठक में शहरवासियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और फ्री पार्किंग के प्रस्ताव को लागू करवाने की मांग को मजबूती से रखा जाएगा।