पंजाब चुनाव 2027: दूसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी में जुटी AAP, 15 नवंबर से पहले आ सकती है उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
आम आदमी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची 15 नवंबर से पहले जारी करने की ...और पढ़ें
-1793266771559_m.webp)
अरविंद केजरीवाल और पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान (फाइल फोटो)
HighLights
आप की पहली सूची 15 नवंबर से पहले संभव
केजरीवाल, मान दिल्ली में चुनावी रणनीति पर करेंगे चर्चा
2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी ने तेज की तैयारी
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में लगातार दूसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ आम आदमी पार्टी (आप) ने विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं।
चुनाव की घोषणा से पहले ही पार्टी उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में वीरवार को दिल्ली में पार्टी की शीर्ष लीडरशिप की अहम बैठक बुलाई गई है।
इसमें पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा के साथ चुनाव प्रबंधन और आगामी रणनीति पर विचार किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, पार्टी 15 नवंबर से पहले उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है।
समय रहते उम्मीदवार तय करने पर जोर
आप की इस कवायद को 2027 के विधानसभा चुनाव में दोबारा सत्ता हासिल करने की तैयारी के अहम हिस्से के रूप में देखा जा रहा है। उम्मीदवारों की पहली सूची चुनाव कार्यक्रम घोषित होने से पहले जारी करने की संभावित योजना के पीछे पार्टी को चुनावी तैयारियों के लिए पर्याप्त समय देने की रणनीति मानी जा रही है।
इससे संभावित उम्मीदवारों को अपने हलकों में सक्रिय होने और संगठन के स्तर पर चुनावी कामकाज आगे बढ़ाने का अवसर मिल सकता है। हालांकि, उम्मीदवारों की सूची और उसके जारी होने की तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
बैठक में उम्मीदवारों के चयन के अलावा चुनाव प्रबंधन और पार्टी की आगे की रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है। इस दौरान किन सीटों पर मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया जाए और किन क्षेत्रों में नए चेहरों पर विचार किया जाए, यह भी चर्चा का हिस्सा हो सकता है। हालांकि, इन बिंदुओं पर पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें- कुरुक्षेत्र हत्याकांड के 4 दोषियों की फांसी को 30 साल की सजा में बदला, हाई कोर्ट ने कहा- हर सुबह पछताने का मौका मिले
92 सीटों से शुरू हुआ था सत्ता का सफर
पंजाब में आप की चुनावी ताकत का आकलन 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रदर्शन से किया जा सकता है। कुल 117 सीटों वाली विधानसभा में पार्टी ने सभी सीटों पर चुनाव लड़ा था और 92 सीटों पर जीत दर्ज कर सरकार बनाई थी।
हालांकि, 25 सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। अब दूसरी बार सत्ता में वापसी की तैयारी के बीच पार्टी के सामने अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती होगी।
उपचुनावों में भी पार्टी ने अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश की। नवंबर 2024 में चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में आप ने तीन सीटें जीतीं, जबकि एक सीट कांग्रेस के खाते में गई।
इसके बाद नवंबर 2025 में तरनतारन सीट पर हुए उपचुनाव में आप उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू ने 12,091 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। जुलाई 2024 से नवंबर 2025 तक हुए सात उपचुनावों में पार्टी ने छह सीटों पर जीत हासिल की, जबकि एक सीट पर उसे हार का सामना करना पड़ा।
चुनावी तैयारियों के बीच आयोग भी सक्रिय
दूसरी ओर, निर्वाचन आयोग की टीम ने भी पंजाब में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की है। टीम ने कानून-व्यवस्था, मतदाता सूची और पोलिंग बूथों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधिकारियों और केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ बैठकें की गईं। आयोग ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए गृह जिले में तैनात और एक ही जिले में तीन साल पूरे कर चुके चुनावी ड्यूटी से जुड़े अधिकारियों के तबादले करने के निर्देश भी दिए।
आयोग की टीम ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी चर्चा कर उनके सुझाव सुने। ऐसे में एक ओर निर्वाचन आयोग चुनावी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है, वहीं आप ने भी उम्मीदवारों के चयन और रणनीति पर काम तेज कर दिया है।
अब दिल्ली में होने वाली बैठक से यह संकेत मिलने की उम्मीद है कि पार्टी दूसरी बार सत्ता में वापसी के लिए अपनी चुनावी बिसात किस तरह बिछाना चाहती है।
यह भी पढ़ें- जालंधर के राऊवाली में पटाखा मार्केट विवाद सुलझा, पंचायत और एसोसिएशन के बीच बनी सहमति
