विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीगढ़ में तेज रफ्तार थार का कहर, दो शिक्षकों को कुचला; पुलिस वाले का बेटा दौड़ा रहा था कार

Published: Thu, 26 Feb 2026 02:40 PM (IST)

मंगलवार रात चंडीगढ़ के कलाग्राम लाइट प्वाइंट पर एक तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दो शिक्षकों, गुलशेर अली और ...और पढ़ें

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। मंगलवार रात को कलाग्राम लाइट प्वाइंट पर एक तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब थार को हेड कॉन्स्टेबल का बेटा चला रहा था। मृतकों की पहचान 46 वर्षीय गुलशेर अली और 44 वर्षीय अब्दुल सुभान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के निवासी थे।

हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने वाहन का नंबर नोट कर लिया था। मनीमाजरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को दड़वा श्मशानघाट के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान 18 वर्षीय अरमान के रूप में हुई है, जो सेक्टर-22 का निवासी है। पुलिस को अब तक उसके पास से ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला है।

मदरसे के काम से रिश्तेदार के पास आए थे

मृतकों के परिचितों के अनुसार, दोनों दोस्त 21 फरवरी को सहारनपुर से स्पलेंडर बाइक पर चंडीगढ़ आए थे। वे मनीमाजरा में मदरसे के काम से अपने रिश्तेदार के पास ठहरे हुए थे। मंगलवार रात लगभग 11 बजे, वे एक अन्य रिश्तेदार के घर जा रहे थे। जब वे कलाग्राम लाइट प्वाइंट पर पहुंचे, तब वहां रेड लाइट के 4-5 सेकेंड शेष थे। बाइक सवार ने ब्रेक लगाई, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही थार ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि गुलशेर अली की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अब्दुल सुभान को एक राहगीर की मदद से तुरंत पीजीआइ ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

सहारनपुर में मदरसे में बच्चों को पढ़ाते थे दोनों

दोनों दोस्त सहारनपुर में निजी शिक्षक थे और मदरसे में बच्चों को पढ़ाते थे। गुलशेर अली के पांच और अब्दुल सुभान के चार बच्चे हैं, जो सहारनपुर में रहते हैं। दोनों की मौत से परिवार में गहरा शोक छा गया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

आरोपित का पिता पुलिस मुख्यालय में तैनात

गिरफ्तार आरोपित अरमान के पिता हेड कांस्टेबल नित्तल राणा चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय की अकाउंट ब्रांच में तैनात हैं। हादसे के बाद अरमान मौके से फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि टक्कर के दौरान थार के टायर फट गए थे और वह दड़वा की ओर भागा। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

रेड लाइट पर खड़ी बाइक पर नहीं गया ध्यान

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और वाहन की गति की भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच में यह सामने आया है कि आरोपित अरमान की थार तेज रफ्तार में थी और वह ट्रैफिक सिग्नल पर चल रही गिनती (काउंटडाउन) की ओर देख रहा था।

बताया जा रहा है कि ग्रीन लाइट से रेड लाइट होने में महज तीन-चार सेकंड शेष थे। इसी दौरान आरोपित का ध्यान सिग्नल की टाइमिंग पर केंद्रित था, जिसके कारण वह आगे सड़क पर खड़ी बाइक को नहीं देख सका।