विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में चलती कार पर जोरदार धमाका, फायरिंग की आशंका से मचा हड़कंप; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Published: Sat, 05 Sep 2026 12:21 AM (IST)Updated: Sat, 05 Sep 2026 05:28 AM (IST)

मोहाली के टीडीआई सेक्टर-118 में एक चलती कार पर तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिससे सवार महिला घबरा गई। डैशकैम ...और पढ़ें

घटना की जांच में जुटी पुलिस। फाइल फोटो

घटना की जांच में जुटी पुलिस। फाइल फोटो

HighLights

  1. मोहाली में चलती कार पर तेज धमाके की घटना।

  2. डैशकैम में रिकॉर्ड घटना का वीडियो हुआ वायरल।

  3. पुलिस पत्थर से हमले की आशंका पर कर रही जांच।

जागरण संवाददाता, मोहाली। टीडीआई सेक्टर-118 में बुधवार अलसुबह एक चलती कार को निशाना बनाए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। करीब पौने पांच बजे कार सड़क से गुजर रही थी, तभी अचानक वाहन पर तेज धमाके जैसी आवाज हुई। घटना इतनी अचानक हुई कि कार में सवार महिला घबरा गई और चीखने लगी, जबकि चालक ने भी वाहन की रफ्तार बढ़ाकर वहां से निकलना बेहतर समझा।

पूरी घटना कार के फ्रंट शीशे पर लगे डैशकैम में रिकार्ड हो गई। अब इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। करीब कुछ सेकंड की इस वीडियो क्लिप में तेज आवाज के साथ कार के अंदर मौजूद लोगों की प्रतिक्रिया भी रिकार्ड हुई है। आवाज इतनी तेज थी जैसे किसी ने गोली चलाई हो। इसी कारण घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

हालांकि पुलिस ने अभी तक फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। थाना बलौंगी पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में कार पर पत्थर से हमला किए जाने की आशंका लग रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार पर हमला किस जगह हुआ और इसके पीछे किसका हाथ था।

लिखित शिकायत नहीं मिली, जांच जारी

थाना बलौंगी के एसएचओ पैरीविंकल ने बताया कि घटना को लेकर अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जुटाई जा रही है।

पुलिस जांच कर रही है कि कार पर हमला जानबूझकर किया गया था या अचानक कोई वस्तु वाहन से टकराई। फिलहाल लूटपाट, रंजिश या किसी अन्य आपराधिक वारदात से घटना के संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।