विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली एयरपोर्ट रोड पर चलती कार में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान; धमाकों से दहल उठा इलाका

Published: Sun, 04 Oct 2026 10:16 PM (IST)

मोहाली के एयरपोर्ट रोड पर सेक्टर-82 के पास रविवार रात एक महिंद्रा टीयूवी कार में अचानक आग लग गई। कार ...और पढ़ें

मोहाली एयरपोर्ट रोड पर चलती कार में लगी भीषण आग। फोटो जागरण

मोहाली एयरपोर्ट रोड पर चलती कार में लगी भीषण आग। फोटो जागरण

HighLights

  1. मोहाली एयरपोर्ट रोड पर महिंद्रा टीयूवी कार में अचानक आग लगी।

  2. कार मालिक महिंदर कुमार ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

  3. आग से कार में रखे मोबाइल, दस्तावेज और हजारों की नकदी जली।

जागरण संवाददाता, मोहाली। एयरपोर्ट रोड पर सेक्टर-82 के पास रविवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर चल रही महिंद्रा टीयूवी कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि कार के मालिक जीरकपुर निवासी महिंदर कुमार समय रहते वाहन से बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार महिंदर कुमार अपनी कार में जा रहे थे।

इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उन्हें कार से धुआं निकलने के बारे में बताया। महिंदर कुमार ने तुरंत कार को सड़क किनारे रोक दिया। कार रुकते ही उसमें अचानक आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते वाहन आग की लपटों में घिर गया।

नकदी और मोबाइल भी जलकर राख

बताया जा रहा है कि कार के अंदर मोबाइल फोन, कुछ जरूरी दस्तावेज और एक पर्स भी था। पर्स में करीब 15 से 20 हजार रुपये की नकदी होने की बात कही जा रही है। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में रखा सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने के दौरान कार से दो जोरदार धमाके भी हुए, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तत्काल आग की सूचना संबंधित विभाग को दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना को काफी समय बीत जाने के बावजूद फायर ब्रिगेड के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर भी लोगों में नाराजगी रही। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।