जीरकपुर में ओवरटेक विवाद में चली ताबड़तोड़ गोलियां, 24 साल के युवक की मौत; एक की हालत गंभीर
जीरकपुर के ढकोली में देर रात ओवरटेक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। किशनपुरा इलाके में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में ...और पढ़ें

फायरिंग के आरोपी को ले जाती पुलिस (फोटो: जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, जीरकपुर। बीती देर रात ढकोली के किशनपुरा इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब होटल स्वेन-2 के नजदीक ताबड़तोड़ गोलियां चलने की घटना सामने आई। इस गोलीबारी में 24 वर्षीय युवक प्रिंस की मौत हो गई, जबकि 42 वर्षीय भरत भूषण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी व मौत की जंग लड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात देर रात उस समय हुई जब सड़क पर गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि ढकोली के राधे होम्स सोसाइटी निवासी कुलदीप सिंह ने अपने साथियों को मौके पर बुलाया और इसके बाद अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
गोली लगने से प्रिंस की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं भरत भूषण को कई गोलियां लगने की सूचना है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जीरकपुर और ढकोली पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोलीबारी में कितने हथियारों का इस्तेमाल हुआ और आरोपी पहले से किसी आपराधिक रिकॉर्ड में शामिल तो नहीं हैं।
इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर ट्राइसिटी क्षेत्र में बढ़ती सड़क रेज और अपराध पर सवाल खड़े कर दिए हैं। देर रात सार्वजनिक स्थान पर हुई इस फायरिंग से आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहाली के एसएसपी द्वारा दिन 3:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी जानकारी दिए जाने की बात कही गई है।
जीरकपुर के पुलिस अधिकारी ने कहा कि “प्रथम दृष्टया मामला सड़क पर हुए विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।”
