विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब में SIR का 99.21% काम पूरा, मुख्य निर्वाचन अधिकारी बोलीं- मतदाताओं को नहीं लगाने पड़ेंगे कार्यालयों के चक्कर

Published: Thu, 01 Oct 2026 09:40 PM (IST)

पंजाब में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 का 99.21% काम पूरा हो गया है, जिसमें 55 विधानसभा क्षेत्र और आठ जिले शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर चुके हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा। फोटो जागरण

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा। फोटो जागरण

HighLights

  1. एसआईआर-2026 का 99.21 प्रतिशत काम पंजाब में पूरा।

  2. 55 विधानसभा क्षेत्रों और आठ जिलों ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया।

  3. बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं के लंबित कार्य पूरे करेंगे।

डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। राज्य में एसआईआर का 99.21 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। प्रदेश के 117 विधानसभा क्षेत्रों में से 55 विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर की पूरी प्रक्रिया 100 प्रतिशत पूरी कर ली गई है। वहीं, आठ जिलों ने भी शत-प्रतिशत काम पूरा कर लिया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब अनिंदिता मित्रा ने बताया कि एसआईआर का काम 100 प्रतिशत पूरा करने वाले जिलों में मोगा, शहीद भगत सिंह नगर (एसबीएस नगर), मानसा, तरनतारन, फरीदकोट, संगरूर, पटियाला और मलेरकोटला शामिल हैं। शेष क्षेत्रों में भी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के लिए चुनाव मशीनरी लगातार काम कर रही है।

मतदाताओं को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे

अनिंदिता मित्रा ने बताया कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम शामिल करना सुनिश्चित करने के साथ मतदाताओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिन मामलों में नोटिस जारी हो चुके हैं और सुनवाई या आवश्यक दस्तावेज जमा करवाना अभी बाकी है, उनमें बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) स्वयं मतदाताओं से संपर्क करेंगे।

मतदाताओं को चुनाव रजिस्ट्रेशन अधिकारी (ईआरओ) के कार्यालय बुलाने के बजाय बीएलओ उनके घर जाकर आवश्यक दस्तावेज और जानकारी एकत्र करेंगे। इससे मतदाताओं को व्यक्तिगत सुनवाई और दस्तावेज जमा करवाने के लिए ईआरओ कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

सप्ताहांत में विशेष शिविर

जिन विधानसभा क्षेत्रों में अभी कुछ काम बाकी है, वहां मतदाताओं की सुविधा के लिए आगामी सप्ताहांत विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा मतदाता सूची से जुड़े सवालों और समस्याओं के समाधान के लिए पूरे पंजाब में जिला निर्वाचन अधिकारियों (डीईओ) और ईआरओ के कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि उनका कार्यालय पूरी चुनाव मशीनरी के साथ समन्वय कर एसआईआर प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने में जुटा है। उन्होंने मतदाताओं से बीएलओ और अन्य चुनाव अधिकारियों को सहयोग देने तथा आवश्यक दस्तावेज व जानकारी जल्द उपलब्ध करवाने की अपील की।