जनशताब्दी से आए 443 यात्री, एक मिला संदिग्ध
दिल्ली-चंडीगढ़-ऊना जनशताब्दी से 443 यात्री चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उतरे।
विकास शर्मा, चंडीगढ़ : दिल्ली-चंडीगढ़-ऊना जनशताब्दी से 443 यात्री चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उतरे। स्टेशन पर उतरते ही सभी यात्रियों की मेडिकल जांच की गई, उसके बाद उन्हें स्टेशन से बाहर जाने दिया गया। इसी मेडिकल जांच में एक यात्री संदिग्ध मिला जिसे रेलवे स्टेशन पर मौजूद मेडिकल टीम ने तुरंत जीएमएसएच-16 में भेज दिया। डॉक्टरों ने बताया कि यात्री का नाम शिव प्रसाद है जोकि अपनी मां के साथ दिल्ली से आया था, मेडिकल जांच के दौरान उनका टेंपरेचर 99 दर्ज किया गया। शिव प्रसाद ने बताया कि दिल्ली में उसकी जांच हुई तो तब उसका टेंपरेचर सामान्य था। लोगों ने नहीं रखा फिजिकल डिस्टेंसिंग का ध्यान
वहीं, चंडीगढ़ स्टेशन पर जैसे ही जनशताब्दी पहुंची, बाहर निकलने की जल्दबाजी में यात्रियों ने फिजिकल डिस्टेंसिग का भी ख्याल नहीं रखा। हालांकि पुलिस ने स्टेशन परिसर में सफेद गोले बनाकर इसकी व्यवस्था कर रखी थी। नोएडा में जॉब करने वाली सेक्टर-50 की निवासी रश्मि ने बताया कि दिल्ली रेलवे स्टेशन और ट्रेन में फिजिकल डिस्टेंसिग का पूरा ध्यान रखा गया था। ट्रेन में सवार थे एक हजार से ज्यादा लोग
स्टेशन अधीक्षक अनिल अग्रवाल ने बताया कि इस ट्रेन में कुल 1026 यात्री थे। इसमें सबसे ज्यादा 443 यात्री चंडीगढ़ के थे। अंबाला के 238 यात्री थे। ऊना के 224 यात्री थे। इसके अलावा खरड़ के 11 यात्री, कीरतपुर के सात यात्री, मोरिडा के आठ यात्री, नंगल डैम के 34 यात्री, रूपनगर के 40 यात्री, साहिब अजीत सिंह नगर के 21 यात्री सवार थे। इस ट्रेन में 1500 यात्रियों को ले जाने की क्षमता थी लेकिन फिजिकल डिस्टेंसिग का ध्यान रखते हुए इसमें 1026 यात्री बैठाए गए थे। अब यह ट्रेन सुबह साढ़े सात बजे चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए जाएगी। दो महीने से फंसा था दिल्ली में
सेक्टर -22 में स्थित खादी भंडार के शोरूम में काम करने वाले नेत्रपाल बताया कि वह लॉकडान की वजह से फंस गए थे। उनके पास आने का कोई साधन नहीं था, इसलिए उन्हें आने में दिक्कत हुई। बनारस के रहने वाले श्रीधर चौबे ने कहा कि वह 20 मार्च को घर गए थे, लेकिन उसके बाद वहां लॉकडाउन लग गया जिस वजह से वह अपनी नौकरी पर वापसी नहीं कर पाए। यात्री एमडी मंजर ने बताया कि उनका फोर्टिस मोहाली में इलाज चल रहा है, वह दो महीनों से अपना चेकअप नहीं करवा पाए। अभी रेल यातायात शुरू हुआ है तो वह अपना चेकअप करवाने आए थे।