शारजाह और यूएई में फंसे 341 यात्री पहुंचे स्वदेश, चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर उतरीं दो स्पेशल फ्लाइट्स
सभी यात्रियों की स्वास्थ्य विभाग पंजाब द्वारा जांच की गई। फिलहाल इन सभी को उनके गृहराज्य में 14 दिन तक क्वारंटाइन रखा गया है।
चंडीगढ़, [विकास शर्मा]। चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को दो स्पेशल फ्लाइट्स विदेश से आई। लॉकडाउन के बाद शाहजाह में फंसे 167 यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट से चंडीगढ़ पहुंचे। वहीं स्पाइस जेट की एक फ्लाइट यूएई से आई। इस फ्लाइट में 174 यात्री आए। दोनों फ्लाइट्स के आए सभी यात्रियों की एयरपोर्ट परिसर पर मेडिकल जांच की गई। अब इन सभी यात्रियों को अपने गृहजिले में 14 दिन के लिए क्वारंटाइन किया गया है।
गृह मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा जारी किए गए सभी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए यह फ्लाइट अॉपरेशनल की गई थी। कोविड-19 से संबंधित सभी उपाय हवाई अड्डे पर किए गए। सभी यात्रियों की स्वास्थ्य विभाग पंजाब द्वारा जांच की गई और बाद में उन्हें आव्रजन और सीमा शुल्क मंजूरी के बाद संबंधित राज्यों को सौंप दिया गया। बाद में, सभी यात्रियों को संबंधित राज्यों द्वारा जारी प्रोटोकॉल के अनुसार क्वारंटाइन के लिए भेजा गया। अब यह सभी यात्री अपने गृहराज्य में 14 दिन तक क्वारंटाइन रहेंगे।
यात्रियों को दिक्कत न हो इसके लिए की गई थी खास व्यवस्था
चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रवक्ता प्रिंस ने बताया इस फ्लाइट को ऑपरेशनल करने में सभी एजेंसियों ने मिलकर सहयोग किया। इस दौरान सीआइएसएफ, आव्रजन, सीमा शुल्क, पंजाब पुलिस, चंडीगढ़ अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से संबंधित स्टॉफ मौके पर मौजूद रहा। सभी अधिकारियों व एजेंसियों ने उचित समन्वय के साथ और मिलकर काम किया, ताकि इन यात्रियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। इसके अलावा कोराना संक्रमण के खतरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें