कॉमनवेल्थ व एशियाई खेलों के 23 पदक विजेता सम्मानित, 15.55 करोड़ की राशि वितरित
कॉमनवेल्थ और एशियाई खेलों के 23 पदक विजेता खिलाड़ियों को पंजाब सरकार द्वारा एक समारोह के दौरान सम्मानित किया गया।
जेएनएन, चंडीगढ़। कॉमनवेल्थ और एशियाई खेलों में पदक विजेता खिलाड़ियों को यहां एक समारोह के दौरान सम्मानित किया गया। पंजाब सरकार की ओर से 23 खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उन्हें 15.55 करोड़ रुपये की राशि, पुरस्कार और सर्टिफिकेट दिए गए।
समारोह में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के अलावा खेल मंत्री गुरमीत सिंह सोढी, स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू, उडऩ सिख मिलखा सिंह, विधायक प्रगट सिंह अकाली नेता व राज्यसभा सदस्य सुखदेव सिंह ढींडसा मौजूद थे। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पुस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते कहा कि सरकार के इस कदम से युवा वर्ग नशे को छोड़कर खेल की तरफ प्रेरित होगा।
इन खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
हिना सिद्धू (शूटिंग) को 1.75 करोड़ रुपये, प्रणब चोपड़ा (बैडमिंटन) को 75 लाख, अंजूम मौदगिल (शूटिंग) को 50 लाख, नवजीत कौर ढिल्लों (डिस्कस थ्रो) को 40 लाख, विकास ठाकुर (वेटलिफ्टिंग) को 40 लाख, वेटलिफ्टर प्रभदीप सिंह को 50 लाख रुपये पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
इसी तरह एशियाई खेलों के विजेता तेजिंदरपाल सिंह तूर (गोला फेंक) को एक करोड़, सरवन सिंह (रोइंग) को एक करोड़, भगवान सिंह (रोइंग) को 50 लाख, सुखमीत सिंह (रोइंग) को एक करोड़, अरपिंदर सिंह (एथलेटिक्स) को एक करोड़, रमनदीप कौर खैहरा (कबड्डी) को 75 लाख, रीना खोखर (हॉकी) को 75 लाख, रुपिंदरपाल सिंह (हॉकी) को 50 लाख, गुरजीत कौर (हॉकी) को 75 लाख, आकाशदीप सिंह (हॉकी) को 50 लाख रुपये से सम्मानित किया गया।
नई खेल नीति से खिलाड़ियों को मिलेगा उत्साह : सोढी
खेलमंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने कहा कि प्रदेश की नई खेल नीति के बाद दूसरे राज्यों के लिए खेल रहे पंजाबी खिलाड़ियों ने फिर से पंजाब के लिए खेलने की इच्छा प्रकट की है। विभिन्न खेलों में देश व प्रदेश का नाम चमकाने वाले खिलाड़ियों को योग्यता के मुताबिक सरकारी नौकरी से नवाजा जाएगा।