चंडीगढ़ शिवसेना अध्यक्ष का आरोप- सफाई अभियान के नाम पर पार्षद खा रहे लाखों रुपये, काम जीरो
चंडीगढ़ शिवसेना ने भाजपा शासित नगर निगम के पार्षदों पर आरोप लगाते हुए शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। शिवसेना प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि शहर के सार्वजनिक शौचालय इस बात का सुबूत हैं कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत भाजपा पार्षद जेबें भर रहे हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। इस साल के अंत में होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को देखते हुए शिवसेना भी सक्रिय हो गई है। शिवसेना अब शहरवासियों की समस्याओं को उठा रही हैं। इस बार शिवसेना ने सेक्टर-45 की सफाई समस्याओं को उठाया है।
शिवसेना चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमजीत सिंह राजपूत का कहना है कि सेक्टर-45 के निवासियों ने भाजपा के जिस विकास के नारे को लेकर अपनी कीमती वोट भाजपा को दिया था, आज उसे याद कर लोग पछता रहे हैं। राजपूत ने जारी एक बयान में कहा कि चुनाव के समय सेक्टर-45 के मौजूदा वार्ड पार्षद ने स्वच्छता एवं विकास के नारों से लोगों को केवल गुमराह किया है। हालात यह है कि वार्ड के लगभग सभी सार्वजनिक शौचालय की हालत बद से बत्तर हो चुकी है। सेक्टर में हर तरफ गंदगी फैली हुई है। कोरोना काल में पहले ही लोग परेशान हैं, वहीं भाजपा सरकार इन लोगों को नर्कीय जीवन जीने पर मजबूर कर रहे हैं।
सेक्टर-45 में बने सार्वजनिक शौचलय में फैली गंदगी और टूटे पड़े दरवाजे।
उन्होंने आरोप लगाया है कि स्वच्छता अभियान के नाम से लाखों रुपये हर महीने नगर निगम के पार्षद खा रहें हैं क्योंकि शौचालयों में फैली गंदगी यही इस बात का सुबूत है। जब स्वच्छ अभियान भारत की बात आती है तो वहां पर स्वच्छता के नाम पर गंदे बाथरूम एवं चारों तरफ फैली गंदगी कुछ ओर ही कहती है। सेक्टर-45 से भाजपा पार्षद कनवर राणा सेक्टर में जिस सफाई व्यवस्था की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, वह केवल झूठी और जनता को गुमराह करने वाली हैं।