बरसात के बाद चंडीगढ़ की सुखना लेक पानी से लबालब, अगले 4 साल तक नहीं सूखेगी
पिछले दो दिन में हुई अच्छी बरसात के कारण पिछले 2 दिन में ही सुखना झील का जलस्तर 1 फीट से अधिक बढ़ गया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। लंबे अंतराल के बाद सोमवार रात और मंगलवार शाम को हुई जोरदार बरसात के बाद सुखना लेक पानी से लबालब भर गई है। अब लेक अगले 4 साल तक नहीं सूखेगी। वर्तमान में सुखना का जलस्तर 1160 फीट पार कर गया है। पिछले 2 दिन में ही झील का जलस्तर 1 फीट से अधिक बढ़ गया है। सुखना का जलस्तर 1163 को पार करता है तो इसके फ्लडगेट खोलना अनिवार्य हो जाता है। 2 साल पहले भी यह नौबत आई थी, जिसके बाद फ्लड गेट खोल कर पानी रिलीज करना पड़ा था। सुखना चौ के माध्यम से पानी को घग्गर में भेजा गया था। पिछले साल भी जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया था हालांकि तब फ्लड गेट खोलने की नौबत नहीं आई थी। इस साल अगर दो से तीन अच्छी बरसात हो जाती है तो फ्लड गेट खोलने पड़ेंगे।
वर्ष 2016 में सूख गई थी सुखना
विदित हो कि वर्ष 2016 में कम बरसात के कारण सुखना झील का एक बड़ा हिस्सा सूख गया था। हालात इतने खराब हो गए थे कि रेगुलेटरी एंड की तरफ लोग झील के बीच तक पैदल पहुंचने लगे थे। इस दौरान बोटिंग भी कई महीने तक बंद रखी गई थी। इसके बाद हाई कोर्ट के निर्देश पर ट्यूबवेल का पानी सुखना लेक में डाला गया
था।
लेक पर बरसात का आनंद उठाने पहुंचे लोग
बरसात शुरू होने से पहले ही सुहाने मौसम को देखकर शहरवासी सुखना लेक पर पहुंच गए। इस दौरान लोगों ने लेक पर बरसात का आनंद लिया। शनिवार और रविवार को सुखना लेक बंद रहती है। सोमवार को दोबारा लेक खुली है, ऐसे में बरसात होते ही लोग मंगलवार की शाम झील के किनारे पहुंच गए। झमाझम बरसात के बीच विशेष तौर पर युवक-युवतियां मस्ती करते दिखे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें