जनता को अपने काम का हिसाब देंगे अकाली-भाजपा के पार्षद, जानें क्या है रणनीति Chandigarh News
शहर में विकास कार्य ठप हैं लेकिन अकाली-भाजपा के पार्षदों ने पिछले चार साल में अपले हलके में जो भी काम कराए हैं उसकी जानकारी पत्राचार के माध्यम से जन-जन को दी जाएगी।
मोहाली, जेएनएन। शहर में विकास कार्य ठप हैं, लेकिन अकाली-भाजपा के पार्षदों ने पिछले चार साल में अपले हलके में जो भी काम कराए हैं, उसकी जानकारी पत्राचार के माध्यम से जन-जन को दी जाएगी। मोहाली के मेयर कुलवंत सिंह ने अपनी टीम से कहा है कि वे लोगों को अब तक किए गए कामाेंके बारे में विस्तार से बताएं। कुलवंत ने कहा कि पार्षदों से कहा गया है कि वे अपनी उपलब्धियों के बारे में जनता को अवगत कराएं।
उन्होंने कहा कि टेंडरों को लेकर लंबे समय से राजनीति चल रही है, जोकि गलत है। उन्होंने कहा कि अगर रोक न लगती तो अब तक कई काम हो जाते। रोक के कारण सिर्फ शिअद-भाजपा के पार्षदों को नहीं बल्कि कांग्रेसी पार्षद वाले वार्डों में भी विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इस माह पूरा हो जाएगा नगर निगम का कार्यकाल
मोहाली नगर निगम का कार्यकाल इस माह पूरा हो जाएगा। लेकिन मेयर कुलवंत सिंह अप्रैल तक अपने पद पर बने रह सकते हैं, क्योंकि उन्होंने पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। फैसला आने के बाद पांच साल पहले अप्रैल में मेयर की कुर्सी कुलवंत ने संभाली थी। अब सरकार किसी भी समय निगम के चुनाव का एलान कर सकती है।
पार्षदाें का आरोप- निगम के पास फंड की कमी नहीं
वार्डो में काम न होने को लेकर पार्षदों की ओर से लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय निकाय विभाग की ओर से टेंडर लगाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पार्षदों का आरोप है कि निगम के पास फंड की किसी तरह की कमी नहीं है। लेकिन यह सब सरकार के इशारे पर हो रहा है, ताकि पार्षदों को चुनाव में इसका लाभ न मिले।