काम दिलाने के बहाने मोगा की महिला से दुष्कर्म, नेपाली व्यक्ति के खिलाफ केस Chandigarh News
मटौर थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर नेपाल के व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। आरोपित की पहचान राम बहादुर के रूप में हुई है
जेएनएन, मोहाली। मटौर थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर नेपाल के व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। आरोपित की पहचान राम बहादुर के रूप में हुई है जोकि मटौर गांव में किराये के मकान में रहता था। राम बहादुर के खिलाफ मोगा की रहने वाली 28 वर्षीय महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी। पुलिस ने पीड़िता का सोमवार को मेडिकल करवाया जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई। आरोपित फरार बताया जा रहा है।
जानकारी युवती से हुई थी पीडि़ता की बात
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि एक युवती उसकी जानकार है जोकि चंडीगढ़ में रहती है। उसने अपनी नौकरी की बात की थी। युवती ने अपने एक जानकार से उसकी बात करवाई जिसने उसे कहा कि वह चंडीगढ़ आ जाए, उसे किसी कोठी में मेड का काम दिला देंगे। महिला अपने दो बच्चों को छोड़कर मोगा से चंडीगढ़ आ गई। जब वह सेक्टर-43 बस स्टैंड पहुंची तो उसने जानकार युवती को फोन किया। जिसने कहा कि वह तो बठिंडा अपने घर जा रही है। जब युवक को फोन किया तो वह बोला उसे लेने राम बहादुर आ रहा है।
पहले पार्कों में घुमाता रहा, रात में वारदात
कई घंटों बाद राम बहादुर उसे लेने के लिए सेक्टर-43 बस स्टैंड आया और उसे बाइक पर बैठाकर रात होने तक उसको चंडीगढ़ के विभिन्न सेक्टरों के पार्कों में बहाने से घुमाता रहा और जब अंधेरा हुआ तो मटौर ले आया। उसको अपने कमरे में बहाने से ले गया और दुष्कर्म किया। उसको धमकियां दी और किसी सेक्टर में एक कोठी में छोड़ आया। उस कोठी में पूरा परिवार रह रहा था। वहां उसने परिवार को सारी घटना बताई तो उस परिवार ने मटौर पुलिस को सूचित किया।