किया ऐसा काम कि दुनिया से जाते-जाते रियल हीरो बन गया दीपक Chandigarh News
हरियाणा के यमुनानगर निवासी 21 वर्षीय दीपक कुमार यादव ने दुनिया से जाते हुए भी दो लोगों को नई जिंदगी दी है। दीपक रोड एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हो गया था।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा के यमुनानगर निवासी 21 वर्षीय दीपक कुमार यादव ने दुनिया से जाते हुए भी दो लोगों को नई जिंदगी दी है। दीपक सात जुलाई को परिवार के साथ टूर पर जाते वक्त रोड एक्सीडेंट में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके परिजनों ने उसे नौ जुलाई को पीजीआइ में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान 10 जुलाई की शाम उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने जब उसे ब्रेन डेड घोषित किया तब उसके परिजनों ने दीपक के ऑर्गन डोनेट करने का निर्णय लेकर उसे रीयल हीरो बना दिया। दीपक की दोनों किडनी से किडनी फैल्योर से जूझ रहे दो मरीजों को नई जिंदगी मिली है।
दीपक हरियाणा के एक कॉलेज से केमिकल इंजीनियरिंग डिप्लोमा कर रहा था। दीपक के पिता जगदीश कुमार यादव ने बताया कि उनका बेटा बेहद दयालु और दूसरों की मदद करने वाला इंसान था। उसके इस गुण के कारण ही उसकी मौत के बाद हम उसका ऑर्गन डोनेट करने का निर्णय ले सके हैं। हमें गर्व है अपने बेटे पर क्योंकि वह दुनिया से जाते हुए भी दो लोगों की अंधेरी जिंदगी में नई खुशियां भर गया है। दीपक के भाई संदीप ने बताया कि वह जीते जी रक्तदान कर दूसरों की जिंदगी बचाने में आगे रहता था। पीजीआइ रोटो के नोडल अशोक कुमार ने दीपक के परिवार के हिम्मत की सराहना की।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें