इंतजार हुआ खत्म, अमरिंदर सरकार ने नियुक्त किए आठ बोर्ड-निगम चेयरमैन
पंजाब की कैप्टन अमरिंदर सिंह सरकार ने राज्य में आठ निगम और बोर्डों के चेयरमैन की नियुक्ति कर दी है। इसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था।
चंडीगढ़, [कैलाश नाथ]। चार इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन की नियुक्ति के बाद मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने आठ बोर्ड-कारपोरेशन के चेयरमैन नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। इस तरह लंबे इंतजार के बाद राज्य सरकार ने आठ बोर्ड व निगमों के चेयरमैप नियुक्त कर दिए हैं। अमृतसर के परगट सिंह धुन्ना को सीवरेज बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है। जालंधर के तेजिंदर सिंह बिट्टू को पंजाब सिविल सप्लाई बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है।
बुलारिया के करीबी अमृतसर के परगट सिंह धुन्ना बने सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन
जानकारी के अनुसार बहु लंबित बोर्ड-कारपोरेशन के चेयरमैनों की लिस्ट को मुख्यमंत्री ने तब हरी झंडी दी है जब उनके चीफ प्रिंसिपल सेक्रेटरी सुरेश कुमार तीन सप्ताह के अवकाश के बाद चंडीगढ़ पहुंच गए हैैं। दो दिनों से चेयरमैन के नामों को लेकर मुख्यमंत्री के पास फाइल जा रही है। अमृतसर के परगट सिंह धुन्ना को सीवरेज बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है। धुन्ना की पत्नी मनजीत कौर पार्षद हैं और परगट सिंह अमृतसर साउथ के विधायक इंदरबीर सिंह बुलारिया के करीबी बताए जाते हैं।
जालंधर के तेजिंदर बिïट्टू बने पंजाब सिविल सप्लाई बोर्ड के चेयरमैन
जालंधर के तेजिंदर बिट्टू को पंजाब सिविल सप्लाई बोर्ड का चेयरमैन बनाया गया है। बिट्टू जालंधर के पूर्व जिला प्रधान व इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन रहे हैं। बिट्टू 2007 में जालंधर सेंट्रल से विधानसभा चुनाव भी लड़े थे लेकिन हार गए थे। 2017 में उन्हें जालंधर नार्थ से टिकट दिया गया था लेकिन पूर्व कैबिनेट मंत्री अवतार हैनरी के विरोध के बाद पार्टी ने उनका टिकट काट दिया था। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रधान एचएस हंसपाल को पंजाब एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (पेडा) का चेयरमैन बनाया गया है। हंसपाल भले ही दिल्ली में रहते हों लेकिन उनका पंजाब से संपर्क बना रहता है। हंसपाल पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के करीबी हैं।
मनीष तिवारी के करीबी गोगी को पीएसआइईसी की कमान
लुधियाना के पूर्व जिला प्रधान गुरप्रीत गोगी को पंजाब स्टेट इंडस्ट्रियल एक्सपोर्ट कारपोरेशन (पीएसआइईसी) का चेयरमैन बनाया गया है। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री व श्री आनंदपुर साहिब के सांसद मनीष तिवारी के करीबी हैं।
जाखड़ की करीबी ममता दत्ता भी बनीं चेयरपर्सन
महिला कांग्र्रेस की प्रदेश प्रधान रहीं ममता दत्ता को खाली बोर्ड का चेयरपर्सन बनाया गया है। उन्हें कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ का करीबी बताया जाता है।
फगवाड़ा के मोहन लाल एससी कारपोरेशन के चेयरमैन
फगवाड़ा के मोहन लाल को पंजाब एससी भूमि विकास व वित्त निगम का चेयरमैन बनाया गया है। वह पीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत्त हुए हैैं और लोक सभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार के काफी नजदीकी हैं।
केके बावा व सुखवंत भी बने चेयरमैन
लुधियाना के ही केके बावा को पंजाब स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कारपोरेशन (पीएसआइडीसी) और फाजिल्का के सुखवंत सिंह को हाउसफेड का चेयरमैन लगाया गया है।