पंजाब में भाजपा करेगी संगठन मजबूत, दस लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य
भाजपा ने छह जुलाई से शुरू की जा रही देशव्यापी सदस्यता मुहिम के तहत पंजाब में 10 लाख नए सदस्यों को पार्टी के साथ जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
जेएनएन, चंडीगढ़। भाजपा ने छह जुलाई से शुरू की जा रही देशव्यापी सदस्यता मुहिम के तहत पंजाब में 10 लाख नए सदस्यों को पार्टी के साथ जोड़ने का लक्ष्य रखा है। देश में दूसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने से पार्टी नेताओं व उनके वर्करों के हौसले बुलंद हैं। उन्हें उम्मीद है कि पिछले सालों के मुकाबले पंजाब में पार्टी को बढिय़ा स्वीकृति मिलेगी।
सूत्रों के अनुसार भाजपा हाईकमान ने पंजाब लीडरशिप को हरेक बूथ पर 50 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है। उसके बाद प्रदेश लीडरशिप ने पठानकोट जिले के सुजानपुर से इस सदस्यता मुहिम को शुरू करने का फैसला किया है। सुजानपुर में ही जनसंघ के जन्मदाता कहे जाने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की याद में स्मारक बना है और उसी दिन उनका जन्मदिवस भी है।
जम्मू कश्मीर के सांसद जुगल किशोर विशेष तौर पर यहां पहुंचकर पार्टी की सदस्यता मुहिम शुरू करवाएंगे। सुजानपुर से भाजपा के दिनेश बब्बू लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। इन्हीं कारणों के कारण भाजपा ने यहीं से मुहिम शुरू करने का फैसला किया है। सूत्रों के अनुसार भाजपा नेता शहरों के साथ-साथ गांवों में भी सदस्य बनाना चाहते हैं क्योंकि पार्टी का निशाना 2022 के विधानसभा चुनाव की तरफ है।
अल्पसंख्यकों और अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को भी पार्टी के साथ जोड़ने के लिए रणनीति बनाई जा रही है। बताया जाता है कि पंजाब राज अनुसूचित जाति कमीशन के पूर्व चेयरमैन समेत कई दलित नेताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। पंजाब भाजपा के जनरल सचिव दयाल सोढी ने बताया कि पंजाब में भाजपा के इस समय 23.21 लाख सदस्य हैं।