जीते तो शहर में नहीं होगा वीआइपी कल्चर : बंसल
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : कांग्रेस प्रत्याशी पवन बंसल ने बुधवार को अपने लंबे-चौड़े वादों का घोषण
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ :
कांग्रेस प्रत्याशी पवन बंसल ने बुधवार को अपने लंबे-चौड़े वादों का घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने घोषणा पत्र को मेरी प्राथमिकता नाम दिया है। दावा किया कि उनके घोषणा पत्र में हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ खास है। इसमें पंजाबी भाषा को चंडीगढ़ की आधिकारिक भाषा घोषित करवाने का भी दावा किया है।
बुधवार को सेक्टर-35 में आयोजित प्रेसवार्ता में बंसल ने सांसद किरण खेर का नाम लिए बिना कहा कि यदि वे चुनाव जीत का सांसद बने तो शहर में वीआइपी कल्चर खत्म कर दिया जाएगा। शहर के लोग यह मानते हैं कि यहां वीआइपी कल्चर बढ़ रहा है। अगर वह चुनाव जीतते हैं तो अपनी कार में एमपी की झंडी भी नहीं लगाएंगे। शहर में सांसद निधि के तहत जो भी काम होंगे उनकी आधारशिला और उद्घाटन समारोह में उनके व्यक्तिगत नाम के बोर्ड नहीं लगाए जाएंगे और जो समारोह किए जाएंगे वह भी साधारण तरीके से होंगे। बंसल ने यह भी कहा कि निर्माण कार्यो का उद्घाटन पूर्व सैनिकों, लेखकों, कलाकारों और वरिष्ठ नागरिकों के हाथों करवाया जाएगा।
रिवाइज कराएंगे ट्रिब्यून चौक का फ्लाईओवर निर्माण प्रोजेक्ट
बंसल का दावा है कि शहर के कम्युनिटी सेंटर का नाम बदल कर मिलन केंद्र रखा जाएगा। बंसल ने इस मौके पर ट्रिब्यून चौक पर फ्लाईओवर निर्माण के प्रोजेक्ट पर सवाल उठाए। कहा कि किरण खेर ने इसका शिलान्यस किया था। मगर उसकी प्लानिग में तमाम खामियां हैं। इस प्रोजेक्ट को बनाने के लिए जो कंसलटेंट नियुक्त किया गया है वह एक बार ब्लैक लिस्ट भी हो चुका है। केरल हाईकोर्ट में इस कंसलटेंट कंपनी की एक बार अर्जी भी खारिज हो चुकी है। अगर वह चुनाव जीतते हैं तो फ्लाईओवर का प्लान रिवाइज करवाएंगे। उन्होंने कहा कि वह ज्यादा फ्लाईओवर बनाने के पक्ष में नहीं है। शहर में लाएंगे मेट्रो
बंसल ने कहा कि यह देखा गया है कि जहां पर मेट्रो आ जाती है, वहां पर फ्लाईओवर की जरूरत नहीं होती। इसलिए वह शुरू से ही मेट्रो प्रोजेक्ट शहर में लाने के पक्ष में हैं। पंचायती राज नहीं हो सकता बहाल
बंसल ने कहा कि चंडीगढ़ के गांवों में पंचायती राज व्यवस्था समाप्त होने के बाद उसे फिर से बहाल नहीं कराया जा सकता। उन्होंने आप उम्मीदवार हरमोहन धवन के लिए कहा कि वह साढे़ चार साल की नींद के बाद चुनाव आने से ऐन पहले जागे हैं। मालूम हो कि धवन ने दावा किया है कि अगर वह चुनाव जीतते हैं तो गांवों में एक बार फिर पंचायती राज व्यवस्था बहाल कराएंगे। खेर मोदी के नाम पर, मोदी सेना के नाम पर मांग रहे वोट
बंसल ने कहा कि खेर मोदी के नाम पर वोट मांग रही हैं। वहीं मोदी सेना के नाम पर वोट मांग रहे हैं। जबकि सेना कह रही है कि उनका राजनीतिकरण न किया जाए। हकीकत यह है कि खुद मोदी के खिलाफ एक सैनिक भी चुनाव मैदान में उतरने का साहस दिखा चुका है। बंसल के घोषणा पत्र में शामिल प्रमुख वादे
- वकीलों के लिए कोऑपरेटिव ग्रुप हाउसिग स्कीम की शुरुआत
- चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नामकरण शहीद भगत सिंह के नाम पर
- एयरपोर्ट जाने के लिए बहलाना से नए रास्ते का निर्माण
- पेवर ब्लाक को चार से पांच फीट की चौड़ाई तक नहीं लगाया जाएगा
- कर्मचारी आवास योजना 2008 के काम में तेजी लाना और इनकी घोषित कीमत को कम करवाना
- बुजुर्गो के साथ रहने वाले परिवारों को बढ़ावा और संपर्क कर में छूट दिलवाना
- नगर निगम के सभी वार्ड में कम्युनिटी सेंटर में बारी-बारी से मासिक दरबार लगवाना
- पार्किंग प्लेस बढ़ाने के लिए कम्युनिटी पार्किग शुरू की जाएगी
- पीयू सीनेट में पीयूसीएससी अध्यक्ष की नामजदगी करवाना
- शहर में खेल सुविधाएं अपग्रेड करना
- शहर के सभी प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा
घोषणा पत्र में कुछ पुराने वादे भी
कांग्रेस के घोषणा पत्र में कई दावे ऐसे भी हैं, जो कि पिछले चुनाव के घोषणापत्र में भी शामिल थे। यह वादे वादे ही रह गए। इनमें गांव के लाल डोरे से बाहर बने मकानों को रेगुलर करवाना, कम्युनिटी पार्किंग और खेल सुविधाएं अपग्रेड करने से जुड़े मुद्दे शामिल हैं। अब उम्मीद हे कि भाजपा भी घोषणापत्र जारी करेगी।