शिमला में बर्फबारी से शहर में बढ़ी कंपकंपी
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी के साथ-साथ चंडीगढ़ में बारिश होने से मंगल
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी के साथ-साथ चंडीगढ़ में बारिश होने से मंगलवार को ठंड ने लोगों को काफी सताया। ठंडी हवा चलने से परेशानी और बढ़ गई। मंगलवार को तापमान में छह डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य तापमान से 3 डिग्री सेल्सियस कम था। वहीं, शिमला में अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि बुधवार और वीरवार को भी बादल छाए रहेंगे। शुक्रवार से मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।
दिनभर होती रही हल्की बारिश
बुधवार सुबह आठ बजे के करीब हल्की बारिश शुरू हुई जो दिनभर रुक-रुक कर होती रही। मौसम विभाग की मानें तो शाम साढ़े पांच बजे तक शहर में 3.1 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, चंडीगढ़ एयरपोर्ट एरिया में 2.0 एमएम बारिश हुई। पंजाब, हिमाचल और हरियाणा में सबसे ज्यादा बारिश लुधियाना में दर्ज की गई। लुधियाना में 24 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं दूसरे स्थान पर पटियाला में 18 एमएम बारिश दर्ज की गई।
26 जनवरी को साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 25 और 26 जनवरी को बादल छाए रहेंगे। बारिश की संभावना कम है, लेकिन ठंड लोगों को परेशान करेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, वहीं न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इसके अलावा पंजाब-हरियाणा के कई इलाकों में घना कोहरा पड़ सकता है।