12 वर्षीय कृष्ण नयन करेगा श्रीमद्भागवत गीता का वाचन
सात साल की उम्र से भगवत गीता का पाठ करने लगा और अब तक पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों में 58 बार गीता का पाठ कर चुका है।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : श्री गुग्गा माड़ी मंदिर सेक्टर-20 में 28 मई से शुरू होने वाले श्रीमद्भागवत गीता पाठ का वाचन 12 वर्षीय कृष्ण नयन करेगा। उत्तराखंड में पैदा हुए कृष्ण नयन ने तीन साल की उम्र में ही श्री वृंदावन जाने की जिद पकड़ ली। जब श्री वृंदावन से वापिस आया तो श्रीमद्भागवत गीता का पाठ करना शुरू कर दिया। यह पाठ धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि उसे सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग आने लगे। सात साल की उम्र से भगवत गीता का पाठ करने लगा और अब तक पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों में 58 बार गीता का पाठ कर चुका है। शहर में पहुंचने पर कृष्ण नयन का स्वागत सेक्टर-29 स्थित बाबा बालक नाथ के मंदिर में कलश यात्रा के साथ किया गया। जानकारी देते हुए कृष्ण नयन के पिता दिनेश नौटियाल ने बताया कि वह नहीं जानते थे कि यह श्रीमद्भागवत गीता का पाठ करेगा। जब वृंदावन में जाने की जिद की तो लगा कि वहां के अलग-अलग चित्रों को लेकर इसे वहां जाने का दिल करता है लेकिन एक बार वहां से आने के बाद इसके अंदर एक हठ आ गया और उसने भागवत गीता के श्लोकों को पढ़ना शुरू कर दिया। अब जब कृष्ण नयन श्रीमद्भागवत गीता के श्लोकों को बोलता है तो दिल को बहुत तसल्ली होती है कि बच्चे का दिल भगवान की ओर लग गया है। रविवार को हुआ पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मंदिर के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि कथा हर रोज शाम साढे पांच से नौ बजे तक चलेगा। जबकि पूजन का समय आठ से ग्यारह बजे तक रहेगा। सातवीं कक्षा में है कृष्ण नयन
श्रीमद भगवत गीता का पाठ करने के लिए कृष्ण नयन हरिद्वार सप्तश्री महाविद्यालय में सातवीं कक्षा में पढ़ रहा है। कृष्ण नयन की खूबियों में अपनी पढ़ाई में व्याकरण, लघु सिद्धांत विज्ञान, संस्कृत, संगीत, योग आदि विषयों को कथा वाचक के अनेकों प्रवासों को बेहतरीन तरीके से संतुलित करना है। पिता दिनेश नौटियाल उत्तरकाशी में प्राइमरी स्कूल में शिक्षक हैं जबकि मा नीलम नौटियाल गृहिणी है।